पिता राम सिंह पटेल, बहन साधना और भांजी आस्था की हत्या करने वाले आरोपी मुकेश कुमार पटेल ने पुलिस पूछताछ हत्या की पूरी कहानी बयां की है। उसने बताया कि वह तो सिर्फ पिता राम सिंह की हत्या करना चाहता था। अगर बहन और भांजी चीखती-चिल्लाती नहीं तो दोनों को नहीं मारता। डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने आरोपी मुकेश कुमार को सामने बिठाकर लंबी पूछताछ की।
मंगलवार पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीन लोगों की हत्या और भाई को गोली मारने के बाद वह एक अधिवक्ता के माध्यम से सोमवार को जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण करने गया था लेकिन उससे पहले ही पुलिस एसओजी की टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के सवाल, आरोपी के जवाब
सवाल- तुमने अपने ही परिवार को क्यों मार दिया
जवाब- मुकुंद को पिता ज्यादा मानते थे। उसे मेरे हिस्से की जमीन दी थी। सिर्फ 10 बिसवा जमीन मांगी तो उन्हाेंने देने से इन्कार कर दिया।
सवाल- तीनों शव को तुमने कुएं में क्यों फेंका
जवाब- कुआं घर से करीब 500 मीटर दूर सुनसान जगह पर है। वहां पर लोगों का आना-जाना बहुत कम है। इसलिए कुएं में तीनों शवों को फेंका था।
सवाल- हत्या में तुम्हारे साथ और कौन शामिल है
जवाब- और कोई नहीं है, मैंने ही तीनों को मारा है। इसके बाद पहले पिता और फिर साधना व आस्था को बोरे में भरकर फेंका है।
सवाल- हत्या करने के बाद तुमने क्या किया
जवाब- शव ठिकाने लगाने के बाद वापस पिता के घर आया। कमरे में जगह-जगह खून फैला था एक गीले कपड़े से कमरा साफ किया। सारे निशान मिटाने के बाद दरवाजे पर ताला लगाकर चला गया।
सवाल- फिर कहां गए और क्या किया
जवाब- अपने घर चला गया, थोड़ी देर सोया और फिर सुबह उठकर अपने भाई मुकुंद की तलाश करने लगा। इस दौरान हाथ में डंडा भी था, गांव वालों को शक था कि वह कुछ करने वाला है।
सवाल- भाई को गोली क्यों मारी
जवाब- मुकुंद की वजह से ही पिता उसके दुश्मन थे। सोचा कि अगर मुकुंद को मार दूंगा तो पूरी संपत्ति मेरी हो जाएगी। घर के रास्ते पर मुकुंद मिला तो पहले डंडे से मारा फिर गोली चला दी लेकिन वह बच गया।