प्रयागराज में आज नहीं खुले मॉल, होटल और रेस्त्रां
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में सोमवार सुबह से ही होटल, मॉल और रेस्त्रां खुल गए। सार्वजनिक जगहों पर पहले की तरह की लोगों की चहल-पहल दिखी। गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के बाद राज्य सरकार ने भी धार्मिक स्थल, होटल, मॉल और रेस्त्रां आदि के संचालन की अनुमति दे दी है।
हालांकि प्रयागराज में आज अन्य जिलों की तरह होटल, मॉल और रेस्त्रां नहीं खुले। जिले में इन्हें फिर से खोलने के लिए जिला प्रशासन ने रविवार की देर रात दिशा-निर्देश जारी किया था। गाइडलाइन को लेकर सोमवार सुबह जिला प्रशासन ने होटल, रेस्त्रां व मॉल संचालकों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक की। बैठक में तय हुआ कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी होटल, रेस्त्रां और मॉल संचालकों को एडीएम सिटी को एक घोषणा पत्र देना होगा।
उसमें इस बात का उल्लेख होगा कि प्रशासन के जो दिशा-निर्देश हैं, उसके अनुसार सारी व्यवस्था संबंधित होटल रेस्त्रां व मॉल में कर ली गई हैं। घोषणा पत्र देने के बाद प्रशासन की टीम संबंधित होटल, रेस्त्रां ,मॉल आदि का निरीक्षण करने जाएगी और उसके बाद ही उसे खोले जाने की अनुमति देगी।
इलाहाबाद होटल एंड रेस्त्रां एसोसिएशन के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि इस प्रक्रिया को पूरा होने में एक-दो दिन का वक्त लग सकता है। ऐसे में अब शहर के होटल व रेस्त्रां 10 जून से ही खुल सकते हैं। इसके पूर्व शहर के कुछ होटल व रेस्त्रां संचालकों ने आज साफ सफाई का काम शुरू किया, साथ ही कुछ जगहों को सैनिटाइज भी करवाया गया।