प्रयागराज जंक्शन पर टीटीई की पिटाई की गई।
- फोटो : अमर उजाला।
मुंबई-प्रयागराज दुरंतो एक्सप्रेस में बीते मंगलवार को टीटीई और ट्रेन मैनेजर के बीच हुई मारपीट का मामला रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया है। वहीं, मामले में दोषी रेलकर्मियों का निलंबन भी हो सकता है। हालांकि विभागीय जांच शुरू होने के साथ ही इस प्रकरण का एक और वीडियो बुधवार को सामने आया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दुरंतो एक्सप्रेस के ट्रेन मैनेजर केबिन का है। इस वीडियो में ट्रेन मैनेजर और टीटीई के बीच तीखी बहस हो रही है। मौके पर आरपीएफ का एक कर्मी भी ट्रेन मैनेजर व टीटीई को समझाने का प्रयास कर रहा है। वहीं, ट्रेन मैनेजर महेंद्र यादव ने टीटीई एमके पोद्दार के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है।
पत्र में लिखा कि चार दिन पहले वह ट्रेन लेकर कानपुर गए थे। वहां से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और फिर वह सतना गए। लगातार 60 घंटे की ड्यूटी के बाद उन्हें प्रयागराज बुलाया गया। पश्चिम मध्य रेलवे के सतना स्टेशन स्थित लॉबी को इसकी सूचना दी गई। वहां पर महेंद्र की जांच हुई और मेमो देकर प्रयागराज भेजा गया। इसी दौरान सतना से दुरंतो आ रही थी। इस दौरान महेंद्र मेमो लेकर दुरंतो के ट्रेन मैनेजर जगदीश से मिले और ट्रेन में बैठ गए। महेंद्र का आरोप है कि इसी दौरान काली बनियान पहनकर एक व्यक्ति पहुंचा और टिकट मांगने लगा। महेंद्र ने कहा कि उसके पास मेमो है और वह स्पेयर में जा रहे हैं।
टीटीई ने इसपर 10 हजार रुपये जुर्माना देने को कहा। इस दौरान दोनों में झड़प हो गई। आरोप है कि महेंद्र को पैंट्री कार में ले जाने की कोशिश की गई। इस आपाधापी में महेंद्र गिर भी गए और उनके हाथ में चोट लग गई। इसके बाद ट्रेन में ही टीटीई और ट्रेन मैनेजर महेंद्र के बीच मारपीट होने लगी। झड़प में टीटीई के कपड़े भी फट गए। इसकी सूचना आरपीएफ मानिकपुर को मिली तो ट्रेन को वहां अटेंड किया गया। तब तक प्रयागराज जंक्शन पर भी यह सूचना पहुंच गई।
ट्रेन मैनेजर से हुई अभद्रता को लेकर काफी संख्या में सहयोगी जंक्शन के प्लेटफॉर्म दो-तीन पर ही एकत्र हो गए। जब दुरंतो प्रयागराज पहुंची तो यहां प्लेटफॉर्म पर मौजूद रेलकर्मियों ने टीटीई को घेर लिया। कुछ ने टीटीई को मारा भी। वहीं, टीटीई ने ट्रेन मैनेजर महेंद्र और जगदीश के खिलाफ शिकायत की है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने बताया कि अभी जांच चल रही है। मारपीट के वीडियो भी देखे गए हैं। मंडल परिचालक प्रबंधक ने दोनों पक्षों का बयान लिया है।