प्रयागराज जंक्शन पर नवनिर्मित वॉशिंग लाइन और उसके साथ ही चार स्टेबलिंग लाइन का पूरा हुआ निर्माण
- फोटो : Samvad
जंक्शन के सिविल लाइंस साइड में दो नई अत्याधुनिक वॉशिंग लाइनों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस नई व्यवस्था के शुरू होने से अब यहां 24 कोच वाली ट्रेनों की भी यहां बेहद आसानी से सफाई और रखरखाव हो सकेगा। हालांकि इस वॉशिंग लाइन की क्षमता 26 कोच की है।
दरअसल, रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयागराज जंक्शन के पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) प्रोजेक्ट के तहत पुरानी और सीमित क्षमता वाली वॉशिंग लाइन को हटाकर उसकी जगह इन दो नई वॉशिंग लाइनों को तैयार किया गया है। जंक्शन पर बढ़ते ट्रेनों के दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रेलवे ने आगामी माघ मेले और कुंभ के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और स्पेशल ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। सिविल लाइंस साइड में ही दो नई वॉशिंग लाइनों के साथ-साथ चार नई स्टेबलिंग लाइनों का भी निर्माण किया गया है। इन स्टेबलिंग लाइनों के बन जाने से अतिरिक्त रेक (ट्रेनों के खाली डिब्बे) या अचानक चलने वाली मेला स्पेशल ट्रेनों को खड़ा करने में बड़ी राहत मिलेगी। इससे मुख्य लाइनों पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और जंक्शन पर ट्रेनों के समयपालन में सुधार आएगा।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह का मानना है कि इन सभी विकास कार्यों के पूरा होने के बाद प्रयागराज जंक्शन न सिर्फ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, बल्कि आने वाले समय में यहां से कई नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी साफ हो जाएगा।