प्रयागराज। यूपी रोडवेज के बेड़े में अगले माह के अंत तक 550 नई बसें शामिल हो जाएंगी। इसमें से 25 बसें ही प्रयागराज परिक्षेत्र को मिलेंगी, जबकि परिक्षेत्र की ओर से मुख्यालय को 50 बसों की डिमांड भेजी गई थीं।
परिवहन विभाग की ओर से सर्वाधिक 50-50 बसें गाजियाबाद और बरेली परिक्षेत्र को आवंटित की गई हैं। जबकि हरदोई, लखनऊ को 45-45, इटावा, कानपुर परिक्षेत्र को 40-40, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद को 35-35 बसें मिलेंगी। मेरठ को 30, प्रयागराज को 25, आगरा, आजमगढ़, गोरखपुर, देवी पाटन को 20-20, वाराणसी को 14, चित्रकूट को 11, अयोध्या को 10 एवं झांसी परिक्षेत्र को सिर्फ पांच बस आवंटित की जा रही हैं।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि 25 में से 15 बसें साधारण श्रेणी की है। जबकि दस जनरथ बसें हैं, इसकी घोषणा दो रोज पहले ही हुई थी। उन्होंने कहा कि परिक्षेत्र की 15 बसें कंडम हो चुकी है। उसका स्थान यह 15 नई साधारण श्रेणी की बसें लेंगी।