फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खेती : मशरूम मार्केट कॉरिडोर के रूप में विकसित हो रहा प्रयागराज, युवाओं को भा रहा लो कॉस्ट हट मॉडल

Sun, 29 Nov 2026 07:50 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

कम जगह, कम लागत और कम समय में बेहतर आमदनी की संभावना ने मशरूम उत्पादन को युवाओं और छोटे किसानों के लिए स्वरोजगार का नया विकल्प बना दिया है। प्रयागराज तेजी से पूर्वांचल के मशरूम बाजार केंद्र के रूप में उभर रहा है।

विज्ञापन
छोटे किसानों के लिए स्वरोजगार का नया रास्ता बना मशरूम उत्पादन। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खेती की बढ़ती लागत और परंपरागत फसलों से सीमित आमदनी के बीच मशरूम उत्पादन युवाओं और छोटे किसानों के लिए स्वरोजगार का नया विकल्प बन रहा है। कम जगह, कम लागत और कम समय में उत्पादन की संभावना ने इसे आकर्षक उद्यम बना दिया है। यही वजह है कि प्रयागराज तेजी से पूर्वांचल के मशरूम मार्केट कॉरिडोर के रूप में विकसित हो रहा है। खास बात यह है कि बड़े वातानुकूलित प्लांट की जगह अब किसान 'लो कॉस्ट हट मॉडल' को अपना रहे हैं।

विज्ञापन


शुभ सेवा एग्रो वेलफेयर फाउंडेशन के सीईओ डॉ. एसआर बघेल के मुताबिक, प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर में मशरूम उत्पादन की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कौशांबी में इसकी बड़ी मंडी विकसित हुई है, जहां से प्रतिदिन करीब दो टन मशरूम प्रदेश के विभिन्न शहरों में भेजा जा रहा है। वाराणसी और पूर्वी भारत के बाजारों तक भी यहां से आपूर्ति हो रही है। स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट और शहरी बाजारों में भी इसकी मांग बढ़ रही है।

Trending Videos

200 वर्ग फुट में लग रही उत्पादन इकाई

उपनिदेशक उद्यान कौशल कुमार नीरज बताते हैं कि प्रयागराज मंडल में किसान कम लागत वाली इकाइयों को प्राथमिकता दे रहे हैं। प्रयागराज में लो कॉस्ट हट मॉडल की आठ इकाइयों के प्रस्ताव निदेशालय से स्वीकृत हो चुके हैं। इनकी कुल लागत करीब 16 लाख रुपये है। इसके अलावा एक कंपोस्ट मेकिंग यूनिट और दो मशरूम उत्पादन इकाइयों के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इस मॉडल में महज 200 वर्ग फुट जगह में इकाई स्थापित की जा सकती है। गेहूं के भूसे और धान के पुआल जैसे कृषि अवशेषों का इस्तेमाल होने से लागत भी कम आती है। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत इकाई स्थापना पर 50 फीसदी तक अनुदान, अधिकतम एक लाख रुपये प्रति इकाई दिया जा रहा है। एक लाभार्थी अधिकतम पांच इकाइयों का लाभ ले सकता है।
विज्ञापन

प्रशिक्षण लेने वालों में 80 फीसदी युवा

खुसरोबाग स्थित औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र मशरूम उत्पादन सीखने का प्रमुख केंद्र बन रहा है। केंद्र के प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक वीके सिंह के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में 100 से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें करीब 80 फीसदी युवा हैं। 28 और 29 नवंबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 50 प्रतिभागियों को उत्पादन की व्यावहारिक जानकारी देने के साथ मशरूम यूनिट का भ्रमण भी कराया गया।

प्रशिक्षण लेने पहुंचीं नैनी की छात्रा प्रार्थना निषाद का कहना है कि वह नौकरी करने के बजाय अपनी कंपनी स्थापित कर मशरूम उत्पादन का कारोबार शुरू करना चाहती हैं। सैम हिग्गिनबॉटम कृषि, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान की छात्राएं उषा, रुचि, संस्कृति और अनुप्रिया भी उद्यमी बनकर इस क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक हैं। वहीं शुभ सेवा बाजार की निदेशक ईशा के मुताबिक, उत्पादकों की बाजार संबंधी समस्या दूर करने के लिए बायबैक व्यवस्था भी शुरू की गई है। इससे किसानों को अपने उत्पाद की बिक्री को लेकर भरोसा मिल रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें