Prayagraj electricity substation details
विद्युत वितरण व्यवस्था को आसान और बेहतर बनाने के लिए लिया गया निर्णय
शहरी क्षेत्र में 20 हजार, ग्रामीण क्षेत्र में 22 हजार उपभोक्ताओं पर स्थापित होंगे सबस्टेशन
प्रयागराज। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को आसान और बेहतर बनाया जाएगा। इसके तहत पॉवर कॉरपोरेशन नए सबस्टेशन स्थापित करने जा रहा है। इसके लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक की ओर से मुख्य अभियंता से प्रस्ताव मांगा गया है। नए सबस्टेशन ग्रामीण इलाकों में 22 हजार जबकि शहरी इलाकों में 20 हजार उपभोक्ताओं पर स्थापित किए जाएंगे।
फिलहाल जिले में चार लाख से अधिक उपभोक्ताओं को40 से अधिक सबस्टेशन से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लेकिन, एक-एक सबस्टेशन पर उपभोक्ताओं की संख्या तीस हजार से अधिक है। इसकी वजह से आए दिन सबस्टेशन पर विद्युत भार बढ़ा रहता है। तकनीकी समस्याओं के अतिरिक्त लोकल फाल्ट भी बना रहता है। इससे निजात दिलाने के लिए शासन ने नए विद्युत सबस्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है। मुख्य अभियंता ओपी यादव ने कहा है कि अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। जल्द ही इसे शासन को भेज दिया जाएगा।