उमस भरी गर्मी के बीच ट्रांसफॉर्मर फुंकने का सिलसिला थम नहीं रहा है। लोकनाथ से भारती भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित मालवीय नगर में शनिवार की देर रात 400 केवीए का ट्रांसफॉर्मर तेज आवाज के साथ फुंक गया। स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र में सूचना दी, जिसके बाद बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह से फुंक चुका था। यहां के रहने वाले अमित व मुकेश समेत कई लोगों ने ट्राली ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने की मांग की, लेकिन ट्राली ट्रांसफॉर्मर के न उपलब्ध हो पाने के चलते पूरे मोहल्ले को सारी रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी। रविवार को दोपहर तीन बजे नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई। रविवार सुबह बिजली के न रहने से स्थानीय लोगों को पेयजल की किल्लत का भी सामना करना पड़ा।