प्रयागराज। सेंट जोसेफ कॉलेज के कक्षा 11वीं के छात्र शाश्वत बनर्जी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रोत्साहन पत्र भेजा है। यह पत्र परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में भेजे गए प्रश्न और सुझाव के संदर्भ में है। मंगलवार को कॉलेज में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन कर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर थामस कुमार व शिक्षक डॉ. मनोज सिंह ने शाश्वत का उत्साह बढ़ाया। साथ ही प्रोत्साहन पत्र का वाचन किया। पत्र में लिखा है कि भारतीय युवाओं को अपनी प्रतिभा को पहचान कर अपनी क्षमताओं को निखारना चाहिए। आने वाले 25 वर्षों का समय हमारे देश का अमृतकाल है। ऐसे में हमें अपने देश को नई बुलंदियों पर ले जाने के लिए प्रयास करना चाहिए।