प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक परामर्शदाता रखे जाएंगे। इसके लिए मुक्त विश्वविद्यालय ने आठ जुलाई तक आवेदन मांगे हैं। चार विषयों में 10 शैक्षणिक परामर्शदाताओं को मानदेय पर रखा जाएगा। विश्वविद्यालय में लागू होने जा रही नई शिक्षा नीति के बेहतर क्रियान्वयन के लिए भी ये परामर्शदाता काम करेंगे।
मुक्त विवि में यूजीसी के नियमों के अनुरूप शैक्षणिक परामर्शदाता रखे जाएंगे। इनमें सेवानिवृत्त प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर या इनके समकक्ष अर्हता रखने वाले शामिल हैं। 70 वर्ष से कम आयु वर्ग के अभ्यर्थी ही इसके लिए पात्र माने जाएंगे। अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा निर्धारित प्रारूप में आठ जुलाई को शाम पांच बजे तक व्यक्तिगत रूप, पंजीकृत डाक या कुलसचिव की ईमेल आईडी rejistrar.uprtougmail.com पर उपलब्ध कराना होगा।
मुक्त विवि के रजिस्ट्रार विनय कुमार के अनुसार निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनाें पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। मुक्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक परामर्शदाताओं को छह माह के लिए अस्थायी तौर पर नियुक्त किया जाएगा और प्रतिमाह 38 हजार रुपये मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
कुल चार विषयों में शैक्षणिक परामर्शदाता की अस्थायी नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। मैनेजमेंट विषय में सर्वाधिक चार परामर्शदाता रखे जाएंगे। वहीं, कंप्यूटर साइंस/कंप्यूटर अप्लीकेशन विषय में तीन परामर्शदाता, होम साइंस/फूड एंड न्यूट्रिशन/ह्यूमन न्यूट्रिशन में दो परामर्शदाता और समाज कार्य विषय में एक परामर्शदाता की नियुक्ति की जानी है। ये परामर्शदाता मुक्त विवि को विषय से संबंधित पाठ्यसामग्री और नई शिक्षा नीति के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सलाह देंगे।