Prayagraj development Authourity news
- फोटो : CITY DESK
कमिश्नर ने पीडीए अफसरों को दी चेतावनी
नाली निर्माण, मरम्मत, सफाई कार्य पर जोर
प्रयागराज। शहर में सड़कों की खोदाई कराने से पहले अब बैरीकेडिंग अनिवार्य रूप से करानी होगी। निर्धारित समय के भीतर सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं की गईं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्देश कमिश्नर डॉ. आशीष गोयल ने पीडीए कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने चिह्नित 34 सड़कों में 19 को गड्ढामुक्त करने पर संतोष जताया। पीडीए वीसी को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता जांची जाए। उन्होंने सड़कों तथा चौराहों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कराने को कहा।
कमिश्नर ने बैठक में तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि जहां गमलों के पौधे मुरझाए हैं, वहां तुरंत बदवाए जाएं। साथ ही नाली, नाला निर्माण, सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कहाकि विशेष चौराहों पर स्मार्ट यातायात प्रबंधन के लिए डिवाइडर, फुटपाथ, स्टाप लाइन तथा जेब्रा क्रासिंग का कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहाकि शहर को मॉडल स्मार्ट सिटी बनाने के साथ ही प्रदेश का मुख्य पर्यटक नगर बनाने का भी प्रयास किया जाए। समीक्षा बैठक में पीडीए के उपाध्यक्ष के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।