प्रयागराज। करेली में रहने वाले पीएसी दरोगा की बहू अलीशा उर्फ फैजी (25) ने शुक्रवार को फांसी लगाकर जान दे दी। उसने ऐसा क्यों किया इसकी वजह देर रात तक नहीं पता चल सकी। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
करेली में चेतना गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास रहने वाले मोहम्मद अनीस पीएसी में दरोगा हैं। उनके बेटे मोहम्मद अली की शादी तीन साल पहले नवाबगंज की रहने वाली अलीशा से हुई थी। अली प्राइवेट कंपनी में काम करता है। पुलिस के मुताबिक, घर वालों ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार शाम को भी सभी अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अलीशा अपने कमरे में चली गई। बहुत देर तक वापस नहीं आने पर पति उसे बुलाने पहुंचा तो वह फांसी पर लटकी मिली।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मौके पर जांच पड़ताल की गई लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। करेली इंस्पेक्टर अमरनाथ राय का कहना है कि परिजन भी कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मायकेवालों को सूचित कर दिया गया है। जांच पड़ताल चल रही है।