कर्मचारियों की जबानी सुन पुलिस अफसर भी रह गए स्तब्ध
ड्राइवर साइड के दरवाजे से बक्सा चोरी जाने की रही आशंका
प्रयागराज। जंक्शन के बाहर कैशवैन से 1.64 करोड़ रुपये चोरी होने की घटना बेहद ही हैरान करने वाली रही। जिस वैन से रुपये चोरी होने की बात बताई गई, उसके पिछले दरवाजे में ताला लगा था। दो अन्य दरवाजे भी बंद थे। ऐसे में अफसर भी हैरान थे कि कोई आखिर कैसे इतनी बड़ी रकम से भरा बक्सा लेकर भाग निकला और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सूत्रों के मुताबिक, तीनों कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया है कि सुबह 11.30 बजे के करीब वह कुल 2.30 करोड़ रुपये लेकर कैशवैन से निकले। एजी ऑफिस, बम्हरौली समेत तीन एटीएम मेें नगदी डालने के बाद वह शाम को 5-5.30 बजे के करीब जंक्शन के सिविल लाइंस साइड स्थित एसबीआई एटीएम पर पहुंचे। यहां गाड़ी से उतरकर कस्टोडियन बलराम व गनमैन अजय एटीएम में पहुंच गए और गार्ड दिनेश को एटीएम से बाहर जाने को कहा। इस दौरान ड्राइवर राजकुमार गाड़ी में ही बैठा था। गार्ड दिनेश का कहना है कि कुछ देर बाद राजकुमार भी गाड़ी से उतरकर एटीएम के पास आ गया। कुछ देर एटीएम के पास रहने के बाद वह गाड़ी के पास टहलने लगा। नगदी डालने के बाद कस्टोडियन व गनमैन आकर गाड़ी में बैठे और फिर तीनों कैशवैन लेकर शाहगंज चले गए। वहां जानकारी हुई कि नगदी भरा बक्सा गायब है जिसके बाद उनके होश उड़ गए। इसके बाद पहले 100 नंबर और फिर पुलिस अफसर पहुंचे। सबसे खास बात यह रही कि जिस कैश वैन से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये चोरी होने की बात बताई जा रही है, उसके पिछले दरवाजे पर ताला लगा था। वाहन में किसी तरह की कोई तोड़फोड़ भी नहीं थी। ऐसे में इतनी ज्यादा मात्रा में नगदी भरा बक्सा चोरी चले जाने की बात सुनकर अफसर भी हैरान रह गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल कर्मचारियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।
रास्ते में ही उतर गया था एक अन्य कस्टोडियन
जांच पड़ताल में यह बात भी सामने आई कि सुबह कार्यालय से निकलते वक्त कैशवैन में कुल चार कर्मचारी थे जिसमें दूसरा कस्टोडियन अशोक त्रिपाठी भी था। लेकिन जंक्शन स्थित एटीएम पर पहुंचने से पहले ही वह रास्ते में कैशवैन से उतर गया था। दरसअल उसे किसी कार्यक्रम में शामिल होने जाना था, ऐसे मेें वह बीच में ही घर जाने लगा। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस अफसरों ने फोन कर बुलाया तो वह भी मौके पर पहुंच गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया।
बयान व रजिस्टर के रिकॉर्ड में एकरूपता नहीं
मामले में एक और बात सामने आई कि कर्मचारियों ने एटीएम में पहुंचने का जो वक्त पूछताछ में पुलिस अफसरों को बताया, वह एटीएम में रखे रजिस्टर में की गई इंट्री से मेल नहीं खाया। दरअसल एसएसपी के मुताबिक, कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया कि वह 5.12 मिनट पर जंक्शन के सिविल लाइंस साइड स्थित एसबीआई एटीएम के भीतर पहुंचे। इसके बाद करीब 49 मिनट भीतर रहने के बाद 6.01 मिनट पर बाहर निकले और शाहगंज चले गए। जबकि एटीएम में रखे रजिस्टर में दर्ज की गई इंट्री के मुताबिक, वह 5.40 बजे एटीएम में पहुंचे और 30 मिनट बाद 6.10 मिनट पर बाहर निकल गए। फिर करीब आधे घंटे बाद 6.40 पर वह दोबारा एटीएम पर पहुंचे और गार्ड को नगदी चोरी की जानकारी दी।