आयकर की टीम ने बुधवार को कटरा में पेंट और सिविल लाइंस तथा विवेकानंद मार्ग पर कपड़ा विक्रेता के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। प्रधान आयकर आयुक्त सुवचन राम के निर्देशन में दोपहर बाद तीनों ही प्रतिष्ठानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान टीमों ने अभिलेखों को कब्जे में लेकर स्टॉक का मिलान किया तो करोड़ों रुपये की हेराफेरी पकड़ी गई। कपड़ा व्यवसायी के सिविल लाइंस स्थित शोरूम की लागत पर विभाग की नजर है।
आयकर उपायुक्त मोहित निगम के नेतृत्व में आईटीओ अरुण मुखर्जी आदि ने सरदार पटेल मार्र्ग स्थित श्रीराधे प्रतिष्ठान पर छापे के दौरान मालिक अंकुर रस्तोगी, दिनेश रस्तोगी और अन्य से पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान टीम को बिक्री और मुनाफेमें भारी अंतर मिला। वहीं विवेकानंद मार्ग स्थित श्रीराधे टेक्सटाइल्स में उपायुक्त कैलाश नाथ सोनकर के नेतृत्व में आईटीओ यूएस चौहान, विमलेश छिब्बर की टीम ने छापा मारा। इसी तरह आयकर अफसर एके मालवीय के नेतृत्व अनिल त्रिपाठी, अरविंद प्रजापति की टीम ने कटरा स्थित शिवम पेंट्स के यहां भी आयकर सर्वे में कर चोरी पकड़ी। यहां टीम को तकरीबन डेढ़ करोड़ से ज्यादा का स्टाक कम मिला।
संयुक्त आयकर आयुक्त ए.अंसारी की निगरानी में प्रतिष्ठानों पर हुई पूरी कारवाई में भौतिक सत्यापन के दौरान करोड़ों की हेराफेरी की बात सामने आई है। वास्तविक विसंगतियों की जांच के लिए देर रात तक आयकर कर्मचारी पड़ताल में जुटे रहे। बुधवार को शुरू हुई आयकर सर्वे की कार्रवाई के बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगी। आयकर की टीमों ने प्रतिष्ठानों में ही डेरा डाल रखा है।