prayagraj news : एसआरएन में मरीज को भर्ती कराने लेकर आते परिजन।
- फोटो : prayagraj
शुक्रवार को कोरोना की जांच बढ़ाई गई तो संक्रमित होने वालों की संख्या भी एक दिन पहले के मुकाबले 122 बढ़ गई। शुक्रवार को 1389 नए संक्रमित मिले जबकि 25 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक एक दिन में मरने वालों की संख्या अब तक की सबसे अधिक है। इसके पहले एक दिन में इतनी मौतों का आंकड़ा सामने नहीं आया था। हालांकि, जानकारों के मुताबिक ये आंकड़े भी सच के करीब नहीं हैं। जिले के श्मशान घाटों पर जलने वाले शवों की संख्या कई गुना अधिक है। लोग अपनों का शव जलाने के लिए इंतजार करते देखे जा रहे हैं। कमोवेश कब्रिस्तानों का भी यही हाल है।
prayagraj news : Covid test
- फोटो : prayagraj
कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ.ऋषि सहाय ने बताया कि शुक्रवार को 15,599 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। उसमें से 1389 लोग संक्रमित मिले हैं। यह संख्या बृहस्पतिवार की अपेक्षा 122 अधिक है। हालांकि, बृहस्पतिवार को जांच कराने वालों की संख्या 13691 ही थी। शुक्रवार को 1389 नए संक्रमित मिलने के साथ ही जिले में कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़ गई है। हालांकि, शुक्रवार को संक्रमित होने वालों की अपेक्षा संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या 831 अधिक रही। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को कुल 2210 मरीज संक्रमणमुक्त हुए। इसमें 47 को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय, बेली, रेलवे अस्पताल सहित निजी अस्पतालों से छुट्टी दी गई। इसके अलावा 2163 का होम आइसोलेशन पूरा हुआ है।
prayagraj news : एसआरएन में मरीज को भर्ती कराने के लिए परेशान दिखे परिजन।
- फोटो : prayagraj
उधर, अस्पतालों में शुक्रवार को भी बेड की कमी बनी रही। कई लोग भर्ती होने के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे लेकिन बेड खाली न होने से भर्ती नहीं हो सके। किसी ने अस्पताल की चौखट तो किसी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कई लोग होम आइसोलेशन में ही ऑक्सीजन के सहारे पड़े रहे। जानकारों का कहना है कि बीते छह दिनों से लगातार नए संक्रमितों की संख्या में कमी आने से थोड़ी राहत जरूर है। इससे एक्टिव केसों की संख्या कम हो गई है। जिले में इस समय एक्टिव केसों की संख्या तकरीबन 15 हजार के आसपास है। इसमें से तकरीबन दो हजार एसआरएन, बेली, रेलवे सहित 12 निजी कोविड चिकित्सालयों में भर्ती हैं जबकि डेढ़ हजार को अब भी बेड की जरूरत है।
prayagraj news : बेली हास्पिटल में कोविड की जांच के लिए पहुंचे लोग।
- फोटो : prayagraj
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति, डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षक संक्रमित
कोरोना की चपेट में शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एन वर्मा, रेलवे के तीन इंजीनियर, केंद्रीय विद्यालय, डीएसओ ऑफिस, नेवादा स्थित राजकीय विद्यालय, जारी राजकीय विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय सोरांव के एक-एक शिक्षक, आरएएफ का कांस्टेबल, हाईकोर्ट और राजस्व परिषद के एक-एक समीक्षाधिकारी, राजस्व विभाग के स्थायी अधिवक्ता, आईटीआई इंस्पेक्टर, खत्री पाठशाला के शिक्षक, हाईकोर्ट के अधिवक्ता, एयरपोर्ट के हेड कांस्टेबल, नगर निगम के सीनियर क्लर्क संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा पशु चिकित्सक, आंगनबाड़ी केंद्र के सुपरवाइजर, रक्षा मंत्रालय के डीजीएम, एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर, रेलवे क्लर्क, कौंधियारा स्थित ग्रामीण बैंक के मैनेजर, एनटीपीसी के सिविल इंजीनियर भी संक्रमित पाए गए।