जिले में कोरोना से बड़ी राहत 88 दिन बाद मिली है। संक्रमण की भयावह स्थिति के बाद रविवार को सिर्फ आठ मरीज पॉजिटिव पाए गए। इससे पहले 17 मार्च को सात संक्रमित चिह्नित हुए थे। 12 दिन बाद एक संक्रमित की उपचार के दौरान मौत हुई। 24 घंटे में 25 लोगों ने कोरोना को मात दी। स्वस्थ होने वाले सभी लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक जिले में रविवार को 6344 लोगों की कोविड जांच की गई। 24 घंटे में सिर्फ आठ लोग कोरोना संक्रमित चिह्न्ति किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमितों की कम होती संख्या राहत देने वाली है। साफ है कि कोरोना संक्रमण की चेन टूट रही है। उन्होंने बताया कि जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा। संक्रमितों के संपर्कियों की अनिवार्य रूप से जांच कराई जा रही।
जिले में करीब तीन महीने बाद संक्रमितों की संख्या आठ पर आई है। वहीं संक्रमितों से तीन गुना ज्यादा 25 लोग स्वस्थ हुए। कोविड अस्पतालों से मरीजों को डिस्चार्ज नहीं किया गया। स्वस्थ होने वाले सभी संक्रमितों ने होम आइसोलेशन पूरा किया। तीन जून के बाद 13 जून को उपचार के दौरान एक कोरोना संक्रमित की मौत हुई। बताया गया कि एलथ्री कोविड अस्पताल एसआरएन में 20 संक्रमित भर्ती हैं।
बाजारों, कार्यालयों में अब जांच अभियान
जिला क्षय रोग अधिकारी, नोडल कोरोना जांच एसीएमओ डॉ. एके तिवारी के मुताबिक बारिश और बंदी के कारण रविवार को जांच कराने का काम कुछ बाधित हुआ। हर दिन जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। औसतन दस हजार लोगों की रोज जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाजारों, कार्यालयों में भी कोविड जांच कराने का काम किया जाएगा। इसके लिए अभियान चलाने का माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है।
45 पार उम्र है तो टीकाकरण को पंजीकरण जरूरी नहीं
कोरोना टीकाक रण कराने के लिए 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वालों को पंजीकरण या स्लॉट बुक कराने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। शासन के निर्देश पर 45 से 59 और 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वालों का टीकाकरण केंद्रों पर स्पॉट रजिस्ट्रेशन, वैक्सीनेशन किया जाएगा। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय ने बताया कि 45 प्लस वालों का ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण करना है।
गांवों में आशा, एएनएम कार्यकर्ताओं को घर-घर भेजकर लोगों को टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं शहरी क्षेत्र या ग्रामीण टीकाकरण केंद्रों पर पहचान पत्र लेकर जाने वाले सभी 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक सभी टीकाकरण केंद्रों के नोडल चिकित्साधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर प्रत्येक सत्र के लिए वैक्सीन की सौ-सौ डोज की उपलब्धता कराई गई है। मेडिकल कॉलेज केंद्र पर चार सत्र संचालित किए जा सकते हैं।