महात्मा गांधी मार्ग स्थित कोविड जांच केंद्र में जांच करवाती युवती।
- फोटो : prayagraj
कोरोना संक्रमण से मिली राहत के बाद दो दिन से बढ़ रही संक्रमितों की संख्या ने स्वास्थ्य विभाग के साथ आम लोगों की भी चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को बढ़ते क्रम में 19 नए कोविड पॉजिटिव चिह्नित किए गए। वहीं स्वस्थ होने वालों की संख्या भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। बड़ी राहत रही कि किसी संक्रमित की उपचार के दौरान मौत नहीं हुई।
सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक मंगलवार से संक्रमितों की बढ़ती संख्या को गंभीरता से लिया गया है। 24 घंटे में ही संक्रमितों की संख्या 17 से 19 हुई है। उन्होंने बताया कि नए संक्रमितों के करीब 300 संपर्कियों की कोरोना जांच कराई गई है। सभी में माइल्ड इंफेक्शन है। सामान्य जांच के साथ संक्रमितों को कहां से संक्रमण हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। आरआरटी टीमें जांच और पड़ताल कर रही हैं।
कोरोना को मात देने वाले कम
बुधवार को कोरोना जांच की संख्या कम हुई है। वहीं स्वस्थ होने वालों की संख्या गिरते क्रम में दर्ज की गई है। मंगलवार को स्वस्थ होने वाले सभी 53 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया था, बुधवार को 18 लोगों ने होम आइसोलेशन पूरा किया। सिर्फ दो संक्रमितों को कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है।
एसीएमओ डॉ. एके तिवारी नए जिला सर्विलांस अधिकारी,डॉ. ऋषि सहाय प्रतापगढ़ गए
जिला क्षय रोग अधिकारी एसीएमओ डॉ. एके तिवारी नए जिला सर्विलांस अधिकारी होंगे। इससे पहले भी वह यह दायित्व निभा चुके हैं। वहीं कोरोना संक्रमण काल की दूसरी लहर में शासन के निर्देश पर यहां बुलाए गए डॉ. ऋषि सहाय ने नोडल अधिकारी कोरोना का पदभार छोड़कर रिलीव हो गए हैं। उन्होंने अपने तैनाती स्थल प्रतापगढ़ में ज्वाइन कर लिया है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ एके तिवारी नोडल अधिकारी कोविड जांच भी हैं। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय ने इसकी पुष्टि की है।