बारिश ने एंटीजन टेस्ट में खलल डालना शुरू कर दिया है। चार दिनों के अभियान में अब तक 234 लोगों की जांच हो पाई है। सोमवार को जांच के लिए शहर के सात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीमों को भेजा गया था। आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सर्वे अभियान में 70912 व्यक्तियों की स्कीनिंग की गई। इसमें 33 लोगों में बुखार, खांसी, सांस फूलने की शिकायत पाई गई, जबकि 94 लोग क्रॉनिक बीमारियों की चपेट में पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी की कोरोना जांच कराई जाएगी।
सर्वे अभियान के नोडल इंचार्ज डॉ. सत्येंद्र राय ने बताया कि सर्वे के लिए सोमवार को 425 टीमों को लगाया गया था। टीमों ने पूरे शहर में 17676 घरों को पहुंचकर सर्वे किया। जबकि एंटीजन टेस्ट के लिए टीम को करेलाबाग, सिविल लाइंस, एसआरएन, सुलेमसराय, प्रयाग स्टेशन, गल्लामंडी, दारागंज, टीबी हॉस्पिटल, नैनी में टीमें गईं थीं। सभी स्थानों पर कुल मिलाकर 144 लोगों ने एंटीजन टेस्ट कराया।
डॉ. सत्येंद्र राय ने बताया कि बारिश के चलते लोग जांच कराने कम पहुंच रहे हैं। हालांकि, उन्हें पहले से जानकारी दे दी जा रही है। बावजूद इसके जांच कराने वालों की संख्या कम है। सर्वे अभियान के दौरान जिन लोगों में बुखार, खांसी की शिकायत है, उनका एंटीजन टेस्ट किया जा रहा है। बारिश कम हो तो जांच कराने वालों की संख्या बढ़ेगी।