मुट्ठीगंज क्षेत्र से 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की एफआईआर दर्ज की है। बादशाही मंडी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 16 वर्षीय बेटी मालवीय नगर स्थित एक गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। 22 जुलाई की सुबह करीब 7:40 बजे भाई बेटी को स्कूल के गेट तक छोड़कर घर लौट आया। दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल की शिक्षिका का फोन आया कि छात्रा उस दिन स्कूल नहीं आई है। इसके बाद परिवार के लोग स्कूल और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे। तहरीर के आधार पर मुट्ठीगंज पुलिस ने अपहरण की प्रथिमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल गेट तक पहुंची या नहीं, बना सवाल
मुट्ठीगंज थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पुलिस अब स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, छात्रा की अंतिम लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि छात्रा स्कूल गेट तक पहुंची थी या उससे पहले ही कोई उसे अपने साथ ले गया है।