असरावलखुर्द, कोटवा और पड़िला महादेव के लिए शुरू हुई सिटी बसें
प्रयागराज। प्रयागराज में चल रही सिटी बसों का संचालन तीन और नए रूटों पर बढ़ गया है। प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम को सिविल लाइंस बस स्टेशन एवं इलाहाबाद जंक्शन से जोड़ने के बाद अब प्रयागराज सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने शहर पश्चिम के असरावल खुर्द, नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय कोटवा और पड़िला महादेव तक सिटी बसों का संचालन स्थायी रूप से कर दिया है।
अभी तक प्रयागराज के गोविंदपुर से एयरपोर्ट के निकट असरावल खुर्द, कोटवा और पड़िला महादेव के बीच प्रयोग के तौर पर सिटी बसों का संचालन शुरू किया जा रहा था। लेकिन अब इन तीनों रूट पर सिटी बस सेवा का संचालन स्थायी रूप से करने का निर्णय प्रयागराज सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक डा. हरिशचंद्र यादव ने किया है। उनके मुताबिक तीन नए रूट पर बस का संचालन शुरू किया गया है। यह रूट है गोविंदपुर-कचहरा-असरावलखुर्द , कचहरी-झूंसी-त्रिवेणीपुरम- नेहरू ग्राम भारती कोटवा, इलाहाबाद जंक्शन- गुमटी नंबर 40-पड़िला महादेव-इस्माइलगंज-सोरांव है। कहा कि सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक संबंधित रूट पर सिटी बस का संचालन दिन भर होगा।