एक बजे आई प्रयागराज वंदे भारत भी दो घंटे लेट
कोहरे की वजह से जयपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस रही 9.30 घंटे विलंब
वंदे भारत एक्सप्रेस भी नहीं चल रही फुल, सप्ताह भर तक ढेरों सीटें खाली
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर भारत में पड़ रहे कोहरे की वजह से रेल संचालन समय की पटरी से उतर गया है। शनिवार को इलाहाबाद जंक्शन आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें घंटों विलंब से यहां पहुंचीं। वीआईपी ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस भी दोपहर एक बजे जंक्शन पहुंच सकी। वहीं सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत को भी छह घंटे की बजाय इलाहाबाद जंक्शन पहुंचने में आठ घंटे लग गए। वापसी में दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 2.10 घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। तमाम ट्रेनों के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को भी खासी दिक्कत हुई।
बीती रात दिल्ली से प्रयागराज तक कोहरे की चादर छाई रही। इसका असर ट्रेन संचालन पर भी पड़ा। बीते कुछ दिन से घंटों विलंब से आ रही जयपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस एक बार फिर 9.30 घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। जयपुर एक्सप्रेस की लेटलतीफी कम करने के लिए रेलवे मंथन कर रहा है कि इसका संचालन सिर्फ इलाहाबाद जंक्शन से मथुरा तक किया जाए, ताकि वापसी में इस ट्रेन की लेटलतीफी थोड़ी कम हो। उधर, संगम एक्सप्रेस दिन में तीन बजे जंक्शन पहुंची। विलंब से आने की वजह से शाम को 5.45 की बजाय इसे रात नौ बजे जंक्शन से रवाना किया गया। प्रयागघाट आने वाली नौचंदी एक्सप्रेस भी दिन में एक बजे के बाद ही यहां आ सकी। कोहरे की वजह से वंदे भारत एक्सप्रेस भी फुल नहीं चल रही है। इसमें अगले एक सप्ताह तक 100 से लेकर 400 सीटें तक खाली हैं।
जंक्शन आने वाली प्रमुख ट्रेनों की लेटलतीफी
संगम एक्सप्रेस 6.15 घंटे
जयपुर-इलाहाबाद 9.30 घंटे
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 5.45 घंटे
रीवा एक्सप्रेस 5.50 घंटे
मुरी एक्सप्रेस 5.00 घंटे
नंदन कानन एक्स. 6.00 घंटे
कालका-हावड़ा मेल 4.15 घंटे
महाबोधि एक्सप्रेस 4.00 घंटे
हमसफर एक्सप्रेस 5.25 घंटे
नई दिल्ली-मंडुवाडीह 5.20 घंटे