आधे से ज्यादा नगरीय क्षेत्र होने के कारण इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं ने मोदी के विकास को अहम माना। करेलाबाग से लेकर नैनी तक ज्यादातर क्षेत्रों में कमल खिलता नजर आया। क्षेत्र के मदारीपुर, रहमतनगर, बाजूपुर, यूनिटी पब्लिक, आक्सफोर्ड, गौस मेमोरियल आदि मुस्लिम बहुल इलाकों में मुस्लिम मतदाताओं का झुकाव गठबंधन के पक्ष में ही रहा। हालांकि कई केंद्रों पर कांग्रेस के खाते में भी वोट पड़े लेकिन कुल मिलाकर कहें तो दक्षिणी में भाजपा और गठबंधन ही मुख्य तौर पर आमने-सामने रहा।
मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ तय वक्त के पहले ही लाइन लगा ली थी। करेलाबाग स्थित एमएल कान्वेंट केंद्र पर पहुंचे प्रमोद श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, हेमंत जौहरी आदि ने कहा, सबसे पहले मतदान का संकल्प था सो मार्निग वाक से लौटते हुए वोट डालने आ गए। इसी तरह खत्री पाठशाला, डीएवी, रमादेवी, कन्या प्राथमिक विद्यालय, आर्यकन्या, मार्डनघोष, ईसीसी आदि केंद्रों पर भाजपा के पक्ष में लहर दिखी। हालांकि क्षेत्र में मतदान की गति शुरुआत में बहुत धीमी सिर्फ तीन फीसदी रही लेकिन अंत में जबर्दस्त तेजी आई।
दरियाबाद स्थित महिला ग्राम इंटर कॉलेज तथा नूरजहां कॉलेज आदि केंद्रों पर ज्यादातर गठबंधन के ही नाम रहा लेकिन यहां कांग्रेस के लिए भी आंशिक झुकाव भी दिखा। दरियाबाद के शम्सुल इस्लाम, रेहान आदि का कहना था बीते दिनों अजहरुद्दीन का दौरा कांग्रेस के लिए कुछ हद तक फायदेमंद रहा। नैनी एडीए के प्रियदर्शी त्रिपाठी और स्वदेशी कॉटन मिल के विनीत पांडेय का कहना था कि चकरघुनाथ, चकदोंदी, एग्रीकल्चर, महेवा आदि के तमाम मुस्लिम मतदाता या तो खामोश रहे या फिर कांग्रेस के पक्ष में गए जिसका लाभ भाजपा को मिल सकता है।
कब कितना मतदान/प्रतिशत
नौ बजे 03 प्रतिशत
11 बजे 11 प्रतिशत
एक बजे 25 प्रतिशत
तीन बजे 33.4 प्रतिशत
पांच बजे 38.16 प्रतिशत
मतदान के अंत में 40.38 प्रतिशत