प्रयागराज के त्रिवेणी तट स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। महंत बलबीर गिरि महाराज के सानिध्य में बंधवा स्थित बड़े हनुमान जी का विधि-विधान से महाभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों के बीच बजरंगबली को दूध, दही, शहद, कुमकुम और हल्दी से स्नान कराया गया। इसके बाद प्रभु को सिंदूर अर्पित कर फल-फूलों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।
महाभिषेक और विशेष पूजन के उपरांत भव्य महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने संकटमोचन के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व पर सायंकाल मंदिर में बजरंगबली का विशेष एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों और आकर्षक पूजन सामग्री से सजे प्रभु के दिव्य विग्रह की भव्य आरती उतारी गई। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण और जय श्रीराम, जय हनुमान के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से रामदूत के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।