गंगापार के सोरांव थाना क्षेत्र के गद्दोपुर स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार की रात पांच बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोला दिया। बदमाशों ने मैनेजर को तमंचा सटाकर 46 हजार रुपये लूट लिए। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। उनके जाने के बाद मैनेजर ने मालिक को सूचना दी। पुलिस ने नाकेबंदी भी की लेकिन कोई बदमाश पकड़ में नहीं आ सका। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस छानबीन कर रही है। क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।
सोरांव क्षेत्र के पुराना फाफामऊ निवासी संत बख्श सिंह का गद्दोपुर में पेट्रोल पंप है। बुधवार की रात मैनेजर कृष्णमूर्ति सिंह यादव और सेल्स मैन आदि वहां मौजूद थे। बाहर सेल्समैन एक बाइक पर पेट्रोल भर रहा था। करीब सवा बारह बजे छह बदमाश नकाब लगाकर कार्यालय में घुस गए। कृष्णमूर्ति समेत और लोग जब तक कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचा लगाकर कैशबाक्स की चाभी ले ली। उसमें बहुत कम पैसे थे। मैनेजर की जेब में तकरीबन 46 हजार रुपये थे। उसने पूरा पैसा बदमाशों को दे दिया।
इसके बाद बदमाशों ने आलमारी और बक्सों समेत पूरा आफिस खंगाल डाला। इस दौरान बाहर एक बदमाश ने दो राउंड फायर भी किया। बाहर खड़े सेल्समैन ने कुछ बोलने की कोशिश की तो उसे जमकर पीटा भी। घटना के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए टहलते हुए भाग निकले। इसके बाद कृष्णमूर्ति ने संत बख्श सिंह को सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुला लिया। जिधर बदमाश भागे थे, उधर फोर्स दौड़ाई गई। कई जगह चेकिंग भी लगाई गई लेकिन कोई मिला नहीं। पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी लगा हुआ है। पुलिस ने फुटेज ले ली है। हुलिए के आधार पर तलाश की जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम भी गुरुवार को जांच के लिए पहुंची।
पेट्रोल पंप पर लूट के मामले में पुलिस को शक है कि बदमाश स्थानीय थे। पांच की संख्या में वे पैदल ही आए थे और पैदल ही भागे। इसे अंदाजा लगाया जा रहा है। बदमाश आस पास के ही हो सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बदमाशों के हुलिए के आधार पर स्थानीय बदमाशों की तलाश की जा रही है। कुछ मिल गए हैं, उनसे पूछताछ हो रही है।
-बदमाशों की तलाश में दो टीमों को लगाया गया है। शक के दायरे में आए कुछ लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है। क्राइम ब्रांच भी लगी है। जल्द ही खुलासा हो जाएगा। एनके सिंह, एसपी गंगापार
तुलारामबाग में 11 फरवरी को कुंभ मेला में आए ठेकेदार रतिराम निवासी बांदा से छह लाख 70 हजार रुपये लूट लिए गए थे। उस घटना का आज तक खुलासा नहीं हुआ। बुधवार को नैनी में टेंट सिटी की मैनेजर से सात लाख की लूट हो गई। उस मामले में पुलिस कुछ नही कर पाई है। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है।