दिल्ली, अलीगढ़, जयपुर, आगरा, बीकानेर आदि शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर। प्रयागराज एक्सप्रेस, प्रयागराज-लालगढ़ जयपुर एक्सप्रेस एवं प्रयागराज- आनंद विहार/नई दिल्ली हमसफर का संचालन अब सूबेदारगंज नहीं, बल्कि प्रयागराज जंक्शन से होगा। रविवार 16 मार्च से इन तीनों ही ट्रेनों का आवागमन प्रयागराज जंक्शन से शुरू हो जाएगा।
दरअसल महाकुंभ मेले की वजह से रेलवे प्रशासन द्वारा जंक्शन से ज्यादा से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए इन ट्रेनों को सूबेदारगंज स्टेशन शिफ्ट किया था। 10 जनवरी से 28 फरवरी तक इन दोनों ही ट्रेनाें का संचालन सूबेदारगंज से ही होना था। इस बीच प्रयागराज- आनंद विहार/नई दिल्ली हमसफर भी सूबेदारगंज स्टेशन शिफ्ट कर दी गई और उसकी रवानगी का समय भी बदलकर रात 12.30 बजे कर दिया गया। बाद में महाशिवरात्रि स्नान पर्व के पहले रेलवे ने इन तीनों ही ट्रेनों को 15 मार्च तक सूबेदारगंज से चलाने का शेड्यूल जारी कर दिया।
लगातार 65 दिन तक सूबेदारगंज से चलने के बाद प्रयागराज, जयपुर एक्सप्रेस अब रविवार को वापस प्रयागराज जंक्शन आ रही है। हमसफर भी प्रयागराज जंक्शन से ही संचालित होगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर पीआरओ डाॅ. अमित मालवीय ने बताया कि प्रयागराज और जयपुर एक्सप्रेस की रवानगी प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से एवं हमसफर एक्सप्रेस की रवानगी प्लेटफार्म नंबर छह से होगी।