प्रयागराज एयरपोर्ट में पहली बार एक ही माह में 400 फ्लाइट का आवागमन हुआ है। इसके साथ ही प्रयागराज एयरपोर्ट लखनऊ एवं वाराणसी एयरपोर्ट की श्रेणी में शामिल हो गया है जहां एक माह के दौरान 400 से ज्यादा फ्लाइटों का आवागमन लगातार हो रहा है। यात्रा के लिहाज से ऑफ सीजन माने जाने वाले प्रयागराज एयरपोर्ट में सितंबर माह के दौरान 400 फ्लाइटों का आवागमन हुआ।
यात्रियों के लिए एक जनवरी 2019 को खोले गए प्रयागराज एयरपोर्ट में कुंभ के दौरान माह भर में 350 के आसपास फ्लाइटों का संचालन हुआ था, लेकिन अब सितंबर माह में प्रयागराज एयरपोर्ट में 400 फ्लाइट संचालित की गई। जो प्रयागराज एयरपोर्ट के लिए रिकार्ड है। इस अवधि में 33 हजार यात्रियों ने हवाई सफर किया। दरअसल सितंबर माह के दौरान एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट नियमित रूप से गई। 30 दिन के सितंबर माह में एयर इंडिया की फ्लाइट 30 बार दिल्ली गई और इतनी ही बार वहां से वापस आई।
इस तरह से इस फ्लाइट का 60 बार आवागमन हुआ। इसी तरह विमानन कंपनी इंडिगो की बंगलूरू, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रायपुर फ्लाइट का 300 बार आवागमन हुआ। इसके अलावा 40 अन्य चार्टेड प्लेन भी प्रयागराज आए। इन सब को जोड़ दिया जाए तो यह आंकड़ा 400 पहुंच जाता है। एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव ने कहा कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा बढ़ सकता है। क्योंकि नागपुर और इंदौर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने के लिए कुछ विमानन कंपनियों से बात चल रही है। इंदौर के लिए विमानन कंपनी क्रू जेट से वार्ता चल रही है। क्योंकि संबंधित कंपनी द्वारा हैदराबाद से इंदौर के बीच फ्लाइट का संचालन किया जा रहा है। उसी फ्लाइट का प्रयागराज तक विस्तार करने का आग्रह संबंधित कंपनी से किया गया है।