prayagraj admin official is set to take actions agaisnt those officer who is close to ateeq's hooligans
प्रयागराज। अतीक अहमद के खास गुर्गों पर कार्रवाई न करने वाले पुलिसकर्मी रडार पर हैं। गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होने के बाद भी 14(1) की कार्रवाई न किए जाने के मामले को अफसरों ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच शुरू करा दी गई है। अफसरों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही मिली तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
अतीक अहमद पर दर्ज गैंगस्टर के मुकदमों में पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। लेकिन उसके गिरोह के कई सदस्यों पर दर्ज गैंगस्टर के मामलों में कार्रवाई सालों से लंबित है। पुलिस ने न तो उनकी संपत्तियों की जांच कराई और न ही उनके आर्थिक स्रोत का पता लगाया। यही नहीं, उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को कुर्क या जब्त करने के संबंध में भी कोई कार्रवाई नहीं की। इनमें वह सदस्य भी शामिल हैं जिन पर हत्या, लूट, हत्या का प्रयास, रंगदारी व अपहरण जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
कई मामलों में वह माफिया संग सहअभियुक्त भी हैं। सूत्रों के मुताबिक, धूमनगंज में दर्ज ऐसे ही तीन मामलों की जानकारी अफसरों को मिली है। जिसके बाद उन्होंने इस मामले की जांच शुरू करा दी है। जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वह यह पता लगाएं कि गैंगस्टर के कितने मामलों में कार्रवाई लंबित है। जिन मामलों में कार्रवाई लंबित है तो उसकी वजह क्या है। अफसरों का कहना है कि विवेचक स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
माफिया व उसके गुर्गों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। इसके बावजूद कहीं लापरवाही बरती जा रही है तो यह गंभीर बात है। जांच के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर शिथिलता की बात सामने आई, तो कार्रवाई की जाएगी। - प्रेमप्रकाश, एडीजी जोन प्रयागराज