उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की टीजीटी परीक्षा प्रदेश के 300 केंद्रों पर शनिवार को दो पालियों में हुई। शनिवार को टीजीटी परीक्षा में पहली पाली में 300 केंद्रों पर 1.50 लाख से अधिक परीक्षार्थी टीजीटी विज्ञान, गृह विज्ञान, कला, बंगला की परीक्षा के लिए पंजीकृत थे जबकि दूसरी पाली में 267 केंद्रों पर 1.33 लाख से अधिक परीक्षार्थी टीजीटी संस्कृत, अंग्रेजी, वाणिज्य, सिलाई की परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। प्रदेश भर में हुई परीक्षा में लगभग 62 फीसदी उपस्थिति रही। चयन बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक नवल किशोर ने बताया कि परीक्षा में पूरी तरह से शांति रही।
जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में पहली पाली में कुल 30141 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इसमें 17738 उपस्थित रहे जबकि 12402 ने परीक्षा छोड़ दी, इस प्रकार पहली पाली में कुल 58.85 फीसदी उपस्थित रहे। दूसरी पाली की परीक्षा में कुल 19740 परीक्षार्थियों में से 12715 उपस्थित रहे जबकि 7024 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, इस प्रकार 64.41 फीसदी परीक्षा में उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की शनिवार को हुई पहली पाली की परीक्षा में शामिल कई परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया है कि उनके परीक्षा केंद्र पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने सादी ओएमआर जमा कर दी। इन परीक्षार्थियों का आरोप है कि चयन बोर्ड के लोगों ने इन परीक्षार्थियेां का आश्वस्त किया है कि सादी ओएमआर बाद में भर दिया जाएगा।आरोप लगाने वालों का कहना था कि जब परीक्षा में माइनस मार्किंग नहीं है तो ओएमआर सादी रखना समझ से परे है। चयन बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने इस तरह के आरोप को निराधार बताया है।