प्रयागराज। करेली के पांच गेस्ट हाउस में रखे गए कुल 192 में से 151 लोगों को बुधवार को घरों के लिए भेज दिया गया। ये सभी लोग स्थानीय हैं। हालांकि, सभी लोग होम क्वारंटीन में ही रहेंगे। उन्हें बाहर निकलने की आजादी नहीं होगाी। छोडे़ गए लोगों में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर भी शामिल हैं। विदेशी नागरिकों तथा तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों को भेजने के बारे में निर्णय शासन के निर्देश पर लिया जाएगा।
शाहगंज थाना के अंतर्गत अब्दुल्ला मस्जिद के मुसाफिर खाना से सात इंडोनेशियाई समेत कुल 37 लोग पकड़े गए थे। विदेशी नागरिक समेत नौ लोग दिल्ली की तब्लीगी जमात में भी शामिल हुए थे। इनमें से एक विदेशी नागरिक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसे कोटवां में बने विशेष वार्ड में आइसोलेट किया गया है। अन्य को करेली के मेहबूबा गेस्ट हाउस में रखा गया है। इसी तरह से थाईलैंड के नौ नागरिक पकड़े गए हैं, जिनको अंबर गेस्ट हाउस में रखा गया है। इसी तरह से रसूलाबाद, फूलपुर, सोरांव, हंडिया, मेजा आदि स्थानों पर भी कई लोग मिले थे। इनमें से कई लोग दिल्ली के तब्लीगी जमात में भी शामिल हुए थे। इनके कोरोना पॉजिटिव होने की आशंका थी। इसलिए कुल 192 लोगों को करेली के पांच गेस्ट हाउस में रखा गया था। इन सभी के नमूनों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके अलावा इनके 14 दिन की क्वारंटीन अवधि भी बीत गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर स्थानीय 151 लोगों को बुधवार को घर भेज दिया गया।
इनके अलावा एचएस गार्डेन में क्वारंटीन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर तथा उनके परिवार के सदस्यों समेत सोरांव एवं फूलपुर के 48 लोगों को घर भेजा गया है। जनवासा में रखे गए हंडिया एवं मेजा के 33 तथा रंगोली गेस्ट हाउस में क्वारंटीन हंडिया एवं सदर के 52 लोगों को घर भेज दिया गया। इनके अलावा मेहबूबा और अंबर गेस्ट में क्वारंटीन 18 लोगों को भी घर भेज दिया गया है। तीन अन्य स्थानीय लोगों को भी घर भेज दिया गया था लेकिन वे छोड़े जाने वालों की सूची में शामिल नहीं थे। इसलिए उन्हें दोबारा मेहबूबा गेस्ट हाउस में क्वारंटीन कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश मिश्रा ने बताया कि सभी लोग अगले 14 दिनों तक घराें में क्वारंटीन रहेंगे। सीआरओ भानु प्रताप यादव ने बताया कि दूसरे राज्य एवं जिलों के जिन लोगों का तब्लीगी जमात से सीधा संबंध तथा मुकदमा नहीं है, उन्हें भी उनके घर भेजने की व्यवस्था की जाएगी। विदेशी नागरिकों तथा जमात से जुड़े लोगों के बारे में शासन के निर्देश के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
विदेशी नागरिक समेत 41 लोग मेहबूबा में क्वारंटीन
स्थानीय लोगों को घर भेजे जाने के बाद मेहबूबा गेस्ट हाउस में कमरे खाली हो गए हैं। इसलिए अंबर गेस्ट हाउस में क्वारंटीन थाईलैंड के नौ नागरिकों, तीन स्थानीय समेत अन्य सभी लोगों को मेहबूबा गेस्ट हाउस में शिफ्ट कर दिया गया है। इस तरह से मेहबूबा में 15 विदेशी नागरिक समेत कुल 41 लोग क्वारंटीन हैं।
सुल्तानपुर से आए छह लोग मिले, हुई चिकित्सीय जांच
सुल्तानपुर से आए छह लोग बुधवार को शहर में पकड़े गए। उनके जमात से संबंध होने की आशंका थी। इसकी सूचना मिलने पर उन्हें कलक्ट्रेट लाया गया। उन सभी ने बताया कि वे करेली के रहने वाले हैं। सभी लोग सुल्तानपुर में 14 दिनों तक क्वारंटीन रहे। यह अवधि पूरी करने के बाद यहां आए हैं। सभी का कलक्ट्रेट में ही चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सभी की तबीयत ठीक है। उनका तब्लीगी जमात से कोई संबंध नहीं है। उन्हें 14 दिनों तक होम क्वारंटीन के लिए कहा गया है।