कैंट पुलिस ने सोमवार को म्योराबाद चर्च के पास से प्रतापगढ़ के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर धीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। धीरज ने कैंट क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को सोशल मीडिया पर उठा ले जाने की धमकी दी थी। इसके अलावा उसने युवती से रंगदारी भी मांगी थी। धीरज और उसके साथी युवती पर दबाव बना रहे थे कि वह अपने पिता की हत्या की पैरवी अदालत में न करे।
कैंट थाना क्षेत्र की युवती के पिता की तीन साल पहले हत्या हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया था। युवती की मां हत्याकांड की चश्मदीद गवाह है। मामला कोर्ट में है। पैरवी मां-बेटी ही कर रही हैं। आरोपियों के प्रतापगढ़ के कोडरा गांव के रहने वाले धीरज सिंह तथा उसके साथियों से संबंध है। धीरज युवती और उसके मां को लगातार धमकी दे रहा था कि वह अदालत में पैरवी करना छोड़ दें, नहीं तो वह युवती को उठा लेगा।
धीरज ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर बल्कि फोन कर भी युवती को धमकी दी। जब वह नहीं डिगी तो उससे रंगदारी मांगी। मामले में धीरज और उसके साथियों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इंस्पेक्टर कैंट नीरज वालिया ने बताया कि सोमवार को पता चला कि युवती को धमकाने के लिए धीरज तमंचा लेकर आया है। म्योराबाद चर्च पर घेरेबंदी कर धीरज को पकड़ लिया गया। उसके पास से तमंचा भी बरामद किया गया है।