नगर कोतवाली के किशुनदासपुर में सई नदी पर बने पुल के नीचे स्नान करने गए तीन किशोर नदी में डूब गए। इसमें से दो सगे भाई थे, जबकि तीसरा किशोर भी उन्हीं के परिवार का था। तीनों किशोर नदी के किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान वह घाट के किनारे स्कूटी खड़ी करके नहाने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि बारिश के चलते वह फिसलकर नदी में चले गए। नदी में तेज बहाव के कारण वह धारा में बह गए। नदी के किनारे बैठकर मछली मार रहे युवकों ने तीनों किशोरों डूबते हुए देखा तो चीख पुकार शुरू कर दी। इसके बाद घाट पर भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया।
सूचना पाकर परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। तीनों किशोर नगर कोतवाली के लेखपाल कॉलोनी अचलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। वह नदी के किनारे घूमने के लिए गए थे। तीनों की उम्र 15-16 साल बताई जा रही है। कृष्णा सोनी (13) पुत्र रामजी सोनी, अनुराग सोनी (15) पुत्र रामजी सोनी और
अमित सोनी (16) पुत्र राजू सोनी निवासी लेखपाल कालोनी, अचलपुर थाना कोतवाली के निवासी बताए जा रहे हैं। कृष्णा और अनुराग सगे भाई हैं।