इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की प्रवेश परीक्षाएं 26 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं। पहले दिन स्नातक की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि अंतिम दिन पांच अक्तूबर को पीजीएटी-2 एवं इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
इविवि प्रशासन ने सोमवार को सत्र 2020-21 के लिए प्रवेश परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया। हालांकि इस कार्यक्रम में संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) को शामिल नहीं किया गया है। क्रेट का कार्यक्रम बाद में अलग से जारी किया जाएगा।
प्रवेश परीक्षा 11 जिलों के 104 केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। इनमें 58 ऑफलाइन और 46 ऑनलाइन परीक्षा केंद्र होंगे। वहीं, प्रयागराज में कुल 53 परीक्षा केंद्र होंगे, जिनमें 37 ऑफलाइन और 16 ऑनलाइन केंद्र होंगे। प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, झांसी, गोरखपुर, कानुपर, पटना, नई दिल्ली में ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों प्रकार के परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
जबकि बंगलुरू, कोलकाता, तिरुवनंतपुरम में केवल ऑनलाइन परीक्षा केंद्र होंगे। परीक्षा तीन चरणों में होगी। पहले चरण में स्नातक एवं बीएएलएल की प्रवेश परीक्षा होगी। जो ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों मोड में होगी।
दूसरे चररण में पीजीएटी-1, एलएलबी, एलएलएम और एमकॉम की प्रवेश परीक्षा होगी। यह परीक्षा भी ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों मोड में होगी, जबकि तीसरे चरण में पीजीएटी-2 और आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा केवल ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा दो पालियों सुबह 9.30 से 11.30 और दोपहर दो से शाम चार बजे तक आयोजित की जाएगी।
प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम
26 सितंबर - सुबह 9.30 से 11.30 बजे की पहली पाली में बीएससी गणित, बीएससी बायो और दोपहर दो से शाम चार बजे की दूसरी पाली में बीकॉम, बीएससी होम साइंस।
27 सितंबर - पहली पाली में बीए/बीएफए/बीपीए और दूसरी पाली में बीएएलएलबी।
29 सितंबर - दूसरी पाली में एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम
30 सितंबर - पहली पाली में पीजीएटी-1 और दूसरी पाली में एलएलएम एवं एमकॉम
एक, तीन, चार, पांच अक्तूबर- पहली एवं दूसरी पाली में पीजीएटी-2 और आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रम
एमटेक में प्रवेश के लिए आवेदन की तिथि 21 तक बढ़ी
प्रयागराज। इविवि के इलेक्ट्रॉनिक एवं कम्युनिकेशन विभाग में एमटेक (सीएसई/ईसीई) कार्यक्रम, सत्र 2020-21 में प्रवेश के लिए आवेदन की तिथि 21 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। आवेदन फॉर्म एवं अन्य सूचनाएं पहले से इविवि की वेबसाइट पर अपलोड हैं।