भारतीय रेलवे द्वारा आम आदमी की सुविधाओं को ध्यान में रखकर शुरू की गई अमृत भारत ट्रेन को लेकर यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पुणे के हडपसर के लिए नियमित रूप से शुरू हुई इस सेवा के पहले ही दिन यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आलम यह है कि प्रयागराज से हडपसर जाने वाली इस ट्रेन में अगले कई दिनों तक स्लीपर श्रेणी में एक भी कंफर्म बर्थ उपलब्ध नहीं है और लंबी वेटिंग लिस्ट पहुंच गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले माह 28 अप्रैल को बनारस से हडपसर के बीच इस ट्रेन का डिजिटल माध्यम से शुभारंभ किया था। उद्घाटन के दिन यह ट्रेन स्पेशल नंबर के साथ संचालित हुई थी, लेकिन शनिवार दो मई से इसका नियमित संचालन पूरी क्षमता के साथ शुरू कर दिया गया है। नियमित सेवा के पहले ही दिन प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों की आपाधापी नजर आई। मध्यम वर्गीय परिवारों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह ट्रेन पहली पसंद बनकर उभरी है, जिसका सीधा असर इसकी बुकिंग स्थिति पर दिख रहा है।
प्रयागराज से इस ट्रेन में स्लीपर श्रेणी के लिए कुल 515 बर्थ का कोटा निर्धारित किया गया है, जो नियमित संचालन के पहले ही दिन पूरी तरह फुल हो गया। बनारस से चलने के बाद प्रयागराज पहुंचने तक ट्रेन के लगभग सभी कोच यात्रियों से खचाखच भरे नजर आए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुणे और आसपास के इलाकों में काम करने वाले पूर्वांचल के लोगों के लिए यह एक बड़ी राहत है, क्योंकि कम किराए में बेहतर सुविधाओं वाली इस ट्रेन ने सफर को सुगम बना दिया है। फिलहाल स्थिति यह है कि आने वाले एक सप्ताह तक स्लीपर क्लास में पैर रखने की भी जगह नहीं है, जिससे वेटिंग लिस्ट का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है।