क्षेत्र के पिपरांव गांव में ट्रांसफार्मर जलने से बिजली और पेयजल का संकट गहरा गया है। जल निगम का ट्रांसफार्मर भी जल गया है जिससे पेयजल संकट बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं होने से घरों में अंधेरा पसरा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात के समय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जल निगम की सप्लाई बंद होने से पीने के पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को होने के बावजूद ट्रांसफार्मर बदलने में देरी की जा रही है। गांव के रामगोपाल सिंह, कृष्ण बहादुर सिंह, पवन कुमार सिंह, आशु सिंह, दिनेश सिंह आदि ने बताया कि बिजली और पानी की व्यवस्था ठप होने से गांव में परेशानी है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने और जल निगम का ट्रांसफार्मर ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। एसडीओ आलोक रंजन गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की जानकारी मिली है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।