आर्थिक तंगी से मजबूर होकर शनिवार की रात एक मजदूर ने फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों को रविवार की सुबह घटना की जानकारी हुई। मृतक की पत्नी ने बताया कि बराबर काम नहीं मिलने उसके पति तनाव में रहते थे। काफी प्रयास के बाद भी स्थिति सुधर नहीं रही थी।
महोरी रीवा ग्राम सभा निवासी राकेश कुमार हरिजन (50) पुत्र राम सुचित हरिजन घर पर रहकर मजदूरी करता था। शनिवार रात घर के सभी लोग खाना-पीना खाने के बाद सो गए थे। सुबह पत्नी कुसुम देवी ने ने राकेश के शव को फंदे से लटकता पाया तो ग्राम प्रधान राजकुमार पटेल को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।
राकेश कुमार के दो बेटी कृष्ण कुमारी, किरण व दो बेटे बाबूजी और शिव हैं। सभी नाबालिग हैं। कृष्ण कुमारी पूर्व माध्यमिक विद्यालय महोरी में कक्षा आठ और किरण कुमारी प्राथमिक विद्यालय महोरी में कक्षा तीन की छात्रा है। बेटा बाबूजी उसी विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ता है। सबसे छोटा बेटा अभी स्कूल नहीं जाता है। मृतक की पत्नी कुसुम देवी ने बताया कि परिवार में राकेश इकलौते कमाने वाले थे। वह मेहनत मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण पोषण करते थे। बीते कई महीनों से काम ठीक से नहीं मिल पा रहा था। इससे वह काफी परेशान थे। शायद दबाव न झेल पाने की वजह से उन्होंने आत्मघाती उठाया।
करछना थाना प्रभारी अनूप सरोज ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। मृतक मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार से शिकायत मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।