फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुंभ में डाक विभाग की अनूठी व्यवस्था, मिलेगी सभी सुविधा, मेला प्रशासन ने नहीं दी जमीन

Sat, 29 Dec 2018 09:27 PM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
संगम तट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कुंभ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को चिट्ठी या मनीआर्डर के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। इस बार कुंभ में नाव पर डाकघर की सभी सुविधाएं मिलेंगी। पोस्ट कार्ड, लिफाफा, डाक टिकट, रजिस्ट्री, स्पीडपोस्ट जैसी जरूरतों के लिए श्रद्धालुओं को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए डाक विभाग ने गंगा में मोबाइल डाकघर की अनूठी व्यवस्था की है। 

विज्ञापन

डाक विभाग ने कुंभ के मौके पर परेड मैदान में केंद्रीय डाकघर के साथ तीन अन्य पोस्टआफिस स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। एक जनवरी से डाक विभाग मेला क्षेत्र में अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है। कुंभ मेला क्षेत्र के इन डाकघरों में सभी तरह की डाक सामग्री की उपलब्धता रहेगी। सेक्टर स्तर पर मनीआर्डर (रुपये) पहुंचाने की व्यवस्था होगी। कल्पवासियों को सभी डाक सुविधाएं मेला क्षेत्र में मिलें, इसके लिए परेड मैदान में केंद्रीय डाकघर के साथ झूंसी और नैनी के अरैल क्षेत्र में डाकघर खोले जा रहे हैं। इसी क्रम में चौथा डाकघर नाव पर संगम क्षेत्र के आसपास होगा।

डाकघरों के लिए मेला प्रशासन ने नहीं दी जमीन
डाक विभाग ने कुंभ मेला के  दस सेक्टरों में डाकघर स्थापित करने के लिए जमीन मांगी थी। कई बार लिखापढ़ी और प्रयास के बाद मेला प्रशासन ने भूमि की कमी बताकर आवंटन से इनकार कर दिया है। प्रस्ताव के मुताबिक जमीन न मिल पाने से इस बार कुंभ में कुल चार डाकघर ही होंगे।
विज्ञापन


प्रवर डाक अधीक्षक संजय डी अखाड़े ने बताया कि, कुंभ मेला क्षेत्र में बचत खातों का संचालन नहीं किया जा सकेगा। इससे इतर अन्य सुविधाओं के साथ प्रथम दिवस आवरण भी श्रद्धालुओं को मुहैया कराए जाएंगे।

कुंभ में लंगर चलाने वालों का फीडबैक रखेगा प्रशासन

कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए लंगर चलाने से पहले प्रशासन को सूचना देनी होगी। पुलिस को भी बताना होगा। यह जानकारी मंडलायुक्त आशीष कुमार गोयल ने उद्यमियों की बैठक में दी। साथ ही उन्होंने देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए प्रयागराजवासियों से तैयार रहने का आह्वान किया।

कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में मंडलायुक्त ने कहा कि तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा देने का ख्याल रखा जाए। विभिन्न संस्थाओं की ओर से कुंभ  में आने वाले लोगों के लिए लंगर चलाया जाता है। इस दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और अच्छी व्यवस्था प्रदान की जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि लंगर चलाए जाने वाले स्थानों का विवरण पुलिस अधिकारियों को अवश्य दिया जाए। ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
लंगर चलाने वाले लोग इस बारे में एडीएम सिटी को भी सूचित करेंगे। डीएम सुहास एलवाई ने व्यापारियों को अवगत कराया कि कुंभ के दौरान यातायात का प्लान बनाया गया है, ताकि आने वाले लोगों को किसी भी परेशानी सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस दौरान ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

दूरदर्शन ने बनाई कुंभ के सजीव प्रसारण की रूपरेखा 

अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने शुक्रवार की शाम मेला कार्यालय में दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू के साथ कुंभ के सजीव प्रसारण पर चर्चा की। दूरदर्शन  की महानिदेशक ने बताया कि कुंभ मेला के दौरान स्नान पर्वों और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की कवरेज के लिए 10 कैमरा, ओबी सेटअप के साथ तीन डीएसएनजी वैन लगाई जाएगी।  चार कैमरा प्रत्येक टीम के साथ शाही स्नान के समय लगाया जाएगा।
 
 
दूरदर्शन के भी प्रमुख चैनलों पर कुंभ का सजीव प्रसारण किया जाएगा। दूरदर्शन पर सुबह आठ से रात नौ बजे तक लाइव विशेष पैकेज दिया जाएगा। शाम सात से 7:30 बजे तक डीडीयूपी न्यूज का कार्यक्रम प्रचारित होगा। डीडी न्यूज पर प्रतिदिन आधे घंटे के तीन कार्यक्रम कुंभ पर होंगे। कुंभ का प्रसारण दूरदर्शन के सभी अन्य भाषाओं के चैनल पर सब टाइटल के साथ प्रसारित होगा।  अपर मुख्य सचिव ने कुंभ पर आधारित दूरदर्शन के सजीव प्रसारण कार्यक्रमों की रूपरेखा की सराहना की। मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें