शास्त्री नगर दुर्गा पूजा की परंपरा पर अबकी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। बुधवार को नियम-कानूनों का हवाला देते हुए फोर्स के साथ पहुंचकर मजिस्ट्रेट ने कमेटी पदाधिकारियों से प्रतिमा स्थापना के लिए तैयार हो रही ‘वेदी’ हटवा दी। मजिस्ट्रेट का कहना था कि उक्त वेदी सड़क पर है, जबकि कमेटी के पदाधिकारियों का तर्क था कि आरंभ से ही यह स्थान दुर्गापूजा मैदान के नाम से जाना जाता है।
कमेटी अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ‘पीयूष’ ने कहा कि साठ फीट रोड, दुर्गा पूजा मैदान के रूप में जानी जाती है क्योंकि यहां बीते 47 वर्षों से दुर्गा पूजा होती आ रही है। यहां नवरात्र में प्रतिमा स्थापना के अतिरिक्त पूरे वर्ष बच्चे खेलते हैं लेकिन प्रशासन से कमेटी का तर्क नहीं माना। लिहाजा वहां से वेदी हटवा ली गई, अब कोई और जगह तलाश की जा रही है ताकि पूजा की परंपरा खंडित न होने पाए।
पूजा की अनुमति के लिए मुख्य सचिव से लगाई गुहार
बंगाली वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव पीके राय ने बुधवार को मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी को पत्र भेजकर जिला प्रशासन को दुर्गा पूजा के संदर्भ में उचित दिशा निर्देश देने का आग्रह किया है। मुख्य सचिव को भेजे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्गा पूजा कमेटियों की ओर सें जिला प्रशासन से संपर्क करने पर उन्हें टाल दिया जाता है। ऐसे में पूजा की तैयारियां पिछड़ रही हैं। पूजा में चंद रोज ही बचे हैं। ऐसे में शासन, प्रयागराज जिला प्रशासन को यथोचित दिशा निर्देश जारी करे ताकि पूजा की तैयारी को गति मिल सके।