डाक बंगले में पीड़ित परिजनों से मुलाकात करता सपा का प्रतिनिधि मंडल।
- फोटो : संवाद।
पट्टी थाने के लॉकअप में मोलनापुर निवासी शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन नामक युवक की मौत का मामला गरमा गया है। समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार से मिलने और उनकी सहायता करने के लिए शनिवार को प्रतिनिधि मंडल भेजने की घोषणा की थी। प्रतिनिधि मंडल में प्रतापगढ़ सांसद एसपी सिंह पटेल, कौशाम्बी सांसद पुष्पेंद्र सरोज, रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, विधायक त्रिभुवन दत्त, विधायक तूफानी सरोज, समाजवादी बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पूर्व विधायक नागेंद्र यादव, पूर्व विधायक राजकुमार पाल, विजय यादव व आरके भीम का नाम शामिल था। पुलिस ने रात में ही सांसद एसपी सिंह पटेल को घर पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
विधायक आरके वर्मा और विधायक राम सिंह पटेल को भी हाउस अरेस्ट किया गया। इसको लेकर सियासत तेज होने के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को डाक बंगले में बुलाकर सपा के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात कराई। सपाइयों ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की। साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा ने कहा कि जो मुकदमा कोतवाली पुलिस पर दर्ज होना चाहिए था, वह मुकदमा किशोरी के परिजनों के खिलाफ दर्ज किया गया, जो कि निंदनीय है। पुलिस की लापरवाही से एक परिवार ने अपना बेटा भी खो दिया। इसी तरह पट्टी के सपा विधायक राम सिंह ने कहा कि पट्टी कोतवाली के अंदर जो कृत्य हुआ है, उस मामले के सभी दोषियों का नाम सामने लाया जाए। मृतक अर्जुन और किशोरी का परिजन पीड़ित है। किशोरी के परिजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया जाना गलत है।