फूलपुर थाना क्षेत्र के अगहुआ गांव में आरोपी को पकड़ने गई बहरिया पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया। घटना में दो दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सरकारी व निजी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने चार नामजद व 8-10 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ग्राम प्रधान समेत चार उपद्रवियों
को गिरफ्तार कर लिया है।
बहरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जुगनी डीह निवासी मोहम्मद इमरान अहमद उर्फ गुलजार पुत्र निसार अहमद के खिलाफ बहरिया थाने में हत्या का प्रयास व बालू खनन सहित कई मामले दर्ज हैं। सर्विलांस के माध्यम से गुलजार के मोबाइल फोन की लोकेशन अगहुआ निवासी मोहम्मद इबरार खान के यहां मिली।
जानकारी होने पर शुक्रवार की रात बहरिया पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने मौके पर पहुंची और घरवालों को गुलजार के अपराध और गैर-जमानती वारंट के बारे में बताया। टीम को देखकर लोगों ने हंगामा करते हुए पथराव शुरू कर दिया और आरोपी गुलजार को मौके से भगा दिया।
उपद्रवियों के पथराव से बहरिया थाने के एसएसआई अमित कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं, एक दरोगा व सिपाही को भी चोटें आई हैं।
पुलिस चौकी का भी किया घेराव
पुलिस पर पथराव की सूचना पर कुछ देर में आसपास के थानों की भी पुलिस मौके पर पहुंच गई और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपी अगहुआ निवासी ग्राम प्रधान सलीम खान, मोहम्मद इबरार खान, अर्श खान व फराज खान को पकड़ कर पुलिस चौकी सिकंदरा ले गई। इसके बाद दर्जनों लग्जरी गाड़ियों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। सूचना अधिकारियों को हुई तो एसीपी फूलपुर विवेक यादव समेत भारी पुलिस फोर्स पुलिस चौकी सिकंदरा पहुंची।
घंटों बैठी रहीं विधायक विजमा यादव
घटना की सूचना पाकर मौके पर प्रतापपुर विधायक विजमा यादव भी अपने समर्थकोंं के साथ मौके पर पहुंचीं। वह चार घंटे तक पुलिस चौकी पर बैठी रहीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लोगों को छुड़ाने के लिए विजमा यादव वहां पहुंचीं थीं। वहीं, शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार चारों उपद्रियों को जिला न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया है।
कई उपद्रवियों के नाम किए गए चिह्नित
घटना के बाद बहरिया पुलिस ने कई उपद्रवियों के नाम चिह्नित किए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही इनके करीबियों और रिश्तेदारों पर गिरफ्तारी को लेकर दबाव बनाया जा रहा है।
कोट
पुलिस टीम पर हमला करने पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को दबोच लिया जाएगा।
- विवेक यादव, एसीपी फूलपुर