दारागंज निवासी रंजीत सोनकर की बेरहमी से पिटाई के मामले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई हुई। कौशाम्बी सांसद विनोद सोनकर ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। जिसके बाद आरोपी दरोगा विश्वेंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ जांच के भी आदेश दे दिए हैं।
घटना नौ अगस्त की शाम की है, जब दारागंज के परेड में भूरी बाबा आश्रम के पास अलोपीबाग निवासी रंजीत पुलिस की पिटाई में बुरी तरह जख्मी हुआ था। उसकी आंख में गंभीर चोट आई थी, जिस पर उसे कॉल्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। भाई राजेश ने बताया कि उसने मामले की शिकायत की थी, जिस पर मंगलवार को सांसद विनोद सोनकर ने अस्पताल पहुंचकर परिवारवालों से जानकारी ली। इसके बाद वह मेडिकल रिपोर्ट लेकर एसएसपी के पास गए और मामले की शिकायत की। प्रकरण की जानकारी के बाद एसएसपी ने आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। एसएसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि सांसद उनसे मिलने आए थे और उन्होंने इस मामले की शिकायत की। प्रारंभिक छानबीन के बाद यह बात सामने आई कि दारागंज थाने में तैनात आरोपी दरोगा विश्वेंद्र यादव ने अनावश्यक बल प्रयोग किया। जिस पर उसे सस्पेंड करते हुए उसके खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
ट्रक चालक से मारपीट में दो सिपाही सस्पेंड
दारागंज स्थित गीता निकेतन के पास ट्रक चालक से मारपीट करने के आरोप में पीआरवी के दो सिपाहियों पर कार्रवाईकी गई है। आरक्षी मुकेश कुमार उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है जबकि आरक्षी चालक लवकुश शाक्य को निलंबित करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट चतुर्थ वाहिनी पीएसी सेनानायक को भेजी गई है। मारपीट के कारण चालक ट्रक छोडक़र भाग निकला था जिससे यातायात भी बाधित हुआ।