कोर्ट के आदेश के बाद भी हाजिर न होने पर धूमनगंज में हुई कार्रवाई
उमेश पाल ने एक साल पहले दर्ज कराई थी धमकी देने की रिपोर्ट
प्रयागराज। धूमनगंज में साल भर दर्ज मुकदमे में हाजिर न होने पर दरोगा नित्यानंद सिंह ने अशरफ के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। न्यायालय से 82 की उद्घोषणा के बाद भी हाजिर न होने पर अशरफ के खिलाफ कार्रवाई की गई। अब पुलिस न्यायालय से दफा 83 के तहत आदेश लेकर अशरफ के घर की कुर्की करेगी। इस मामले में अशरफ के साथ अतीक भी नामजद है।
10 दिसंबर 2018 को राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल को धमकी दी गई थी। उमेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्हें तालिब एसपी सिटी ने रोककर जान से मारने की धमकी दी और उस समय जेल में बंद फरहान और अकबर से मोबाइल पर बात कराके धमकी दिलवाई। फरहान और अकबर ने अतीक और अशरफ का नाम लेते हुए कहा कि दोनों उसे छोड़ेंगे नहीं। अशरफ उसे मारने के बाद ही हाजिर होगा। उमेश की तहरीर पर अतीक अहमद, अशरफ, फरहान, अकबर और तालिब एसपी सिटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसी मामले की विवेचना दरोगा नित्यानंद राय के पास है। नित्यानंद इन दिनों एसएसआई मेजा हैं।
कुछ समय पहले दरोगा नित्यानंद ने अशरफ के खिलाफ 82 की कार्रवाई की थी। इसके बाद भी अशरफ न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। दरोगा नित्यानंद ने इसी मामले में बुधवार को धूमनगंज थाने में अशरफ के खिलाफ धारा 174 ए के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी। दरोगा नित्यानंद ने बताया कि एफआईआर के बाद अब न्यायालय से दफा 83 के तहत कुर्की कराने के लिए प्रार्थनापत्र दिया जाएगा। आदेश मिलते ही अशरफ के घर एक बार फिर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।