वारंटी, वांछितों की धरपकड़ के लिए चला अभियान
प्रयागराज। पुलिस लाइन में सोमवार को अपराधियों की ‘परेड’ हुई। वांछितों, वारंटियों को पकड़ने के लिए चले अभियान के दौरान 12 घंटे में गिरफ्तार किए गए 105 अभियुक्तों को यहां पेश किया गया। यह गिरफ्तारियां शहर के साथ ही गंगापार व यमुनापार क्षेत्र में की गईं।
एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान कुल गिरफ्तार आरोपियों में 39 वांछित, सात गैंगस्टर व 59 वारंटी शामिल हैं। इन्हें रविवार को विशेष अभियान चलाकर पकड़ा गया। इनमें लूट, हत्या समेत तमाम मामलों में वांछित अपराधी शामिल हैं। विभिन्न थानों की पुलिस इन्हें दोपहर में पुलिस लाइन लेकर पहुंची। अफसरों ने बताया कि इनमें कई ऐसे अभियुक्त हैं जो सालों से फरार हैं।
तीन लुटेरे गिरोह भी दबोचा गया
एसपी सिटी ने बताया कि अभियान के दौरान ही सिविल लाइंस, कर्नलगंज व सोरांव में तीन लुटेरे गिरोह के सदस्य भी पकड़े गए। सिविल लाइंस में पोलो ग्राउंड मजार के पास से अभिलाष खन्ना, मुकेश यादव व मो. मेहताब को पकड़ा गया जिनके पास से लूट के 10 मोबाइल, 3.4 किलो गांजा व एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि इनसे पूछताछ में कुल 11 मामलों का खुलासा हुआ जिनमें भाजपा पार्षद रतन दीक्षित व लोहिया मार्ग पर छात्र से मोबाइल लूट की वारदात भी शामिल है। इसी तरह कर्नलगंज पुलिस ने चर्चलेन के पास से संतोष रावत, कमलेश व विजय सरोज को पकड़ा। उनसे पूछताछ में क्षेत्र में हुई छिनैती की तीन वारदातों का खुलासा हुआ। इनसे चार सोने की चेन व 10900 रुपये बरामद हुए। इनके बताने पर बम्हरौली निवासी आभूषण कारोबारी संतोष कुमार सोनी को भी गिरफ्तार किया गया जो चोरी की चेन खरीदता था।