तीन दिन बाद भी धूमनगंज पुलिस नहीं कर सकी है गिरफ्तारी
जमीन कब्जाने, फायरिंग में रिश्तेदार समेत है आरोपी
प्रयागराज। धूमनगंज के रसूलपुर मरियाडीह में जबरन जमीन कब्जाने व फायरिंग के आरोपियों तक पुलिस चार दिन बाद भी नहीं पहुंच सकी है। इस मामले में अतीक के खास शूटर आबिद के साथ ही उसका रिश्तेदार जैद भी आरोपी है। बता दें कि मामले में अब तक दो आरोपी ही गिरफ्तार किए जा सके हैं और पुलिस ने उन्हें भी मौके से ही पकड़ा था।
रिपोर्ट पोंगहट पुल निवासी अब्दुल रहीम(80) की ओर से दर्ज कराई गई थी।
आरोप लगाया था कि तीन नवंबर की सुबह 11.30 बजे रसूलपुर मरियाडीह स्थित जमीन पर जैद अपने दोनों भाई जसीम, जाफर व राहुल सिंह और अरकम के अलावा कई अज्ञात लोगों के साथ असलहों से लैस होकर आया और आबिद प्रधान के नाम से 25 लाख रुपयों की मांग की। असमर्थता जताने पर आरोपियों ने फायरिंग की जिसमें वह बाल-बाल बच गया। मौके से जसीम व राहुल मय पिस्टल पकड़े गए थे। मामले में कुल छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई जिसमें पकड़े गए दोनों आरोपियों के साथ ही आबिद प्रधान, जैद, जाफर व अरकम शामिल हैं। हालांकि तीन दिन बीत जाने के बाद भी बाकी बचे आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है।
तहरीर बदलवाने की हुई थी कोशिश
वैसे बता दें कि इस मामले में धूमनगंज पुलिस की भूमिका शुरू से ही सवालों के घेरे में है। मामले में मय पिस्टल दो लोगों के मौके से पकड़ने जाने के बावजूद पुलिस ने भुक्तभोगी की ओर से दी गई तहरीर बदलवाने की कोशिश की थी। एक नाम हटवाकर दूसरी तहरीर भी ले ली थी। हालांकि जानकारी पर कप्तान ने फटकार लगाई तब जाकर मूल तहरीर पर मुकदमा लिखा गया था।