पखवाड़े भर पहले सुकाठ के रामआसरे कुशवाहा के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश किया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले चार चोरों को मेजा के सींकी पहाड़ी से गिरफ्तार गहने, 2480 रुपये नकद और तीन फोन बरामद किए हैं।
मेजा थाने के इंस्पेक्टर दीनदयाल सिंह ने बताया कि 14 अगस्त की रात में सुकाठ गांव के रामआसरे कुशवाहा के घर का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सींकी पहाड़ी पर घेराबंदी कर चार लोगों को धर दबोचा। यहां सुकाठ गांव के संदीप कुशवाहा, विपिन कुशवाहा और सींकी कला के ज्ञानेंद्र कुशवाहा और अहीरनकापूरा के राहुल मौजूद मिले। चारों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए जेवराज बेचकर पैसा बांट लिया था। कुछ जेवरात बचे हैं। पुलिस ने बताया कि राहुल गुप्ता वांछित अभियुक्त भी है। पुलिस ने चोरों का चालान कर दिया।