हंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदाबाद चौकी के बरियापुर गांव के पास स्थित शारदा सहायक नहर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नहर में तीन गायों के धड़ से अलग केवल सिर पड़े मिले।
हंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदाबाद चौकी के बरियापुर गांव के पास स्थित शारदा सहायक नहर में गोवंश का कटा सिर मिलने से हड़कंप मच गया।तीनों के धड़ गायब थे। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर पड़ी तो इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद यहां पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में गहरा आक्रोश देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
विज्ञापन
प्राथमिक जांच में गायों के धड़ कहीं और ले जाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।पुलिस ने तीनों गायों के सिरों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों का स्पष्ट पता चल सके। वहीं, पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और नहर के ऊपर-नीचे के क्षेत्रों में गायों के धड़ की तलाश भी की जा रही है।
हंडिया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी तरह की अफवाह न फैले, इसके लिए पुलिस सतर्क है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त निगरानी भी की जा रही है।