सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी बैंक में डकैती की सूचना पर हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में पुलिस ने बैंक घेर लिया। चारोें ओर फोर्स देख राहगीर व बैंक में पहुंचे लोग भी स्तब्ध रह गए। पुलिसकर्मियों ने तब राहत की सांस ली जब उन्हें पता चला कि उनकी सक्रियता जानने के लिए एडीजी जोन की ओर से यह महज एक मॉक ड्रिल थी।
एडीजी प्रेम प्रकाश सोमवार सुबह 11.30 बजे के करीब एचडीएफसी बैंक की सिविल लाइंस शाखा में पहुंचे। मातहतों की सक्रियता जानने के लिए उन्होंने बैंक के भीतर से ही 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दिलाई कि यहां लूटपाट की नीयत से असलहाधारी बदमाश घुस आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आननफानन में सिविल लाइंस थाने की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर बैंक घेर लिया।
हालांकि, भीतर जाने पर जब पुलिसकर्मियों को सच्चाई का पता चला तो उन्होंने राहत की सांस ली। मौके पर थाने की फोर्स के साथ ही पीआरवी की गाड़ियां भी कुछ ही मिनटों में पहुंच गई थीं। मौके पर सबसे पहले पहुंचे थार्नहिल चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार व पीआरवी जवानों को एडीजी ने शाबासी भी दी।