प्रयागराज। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के छात्रों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से आयोजित ‘पुलिस की पाठशाला’ में पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) यातायात राम प्रकाश दोहरे शिक्षक और मार्गदर्शक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने छात्रों से कहा कि पुलिस से डरने की आवश्यकता नहीं, पुलिस आपकी मदद के लिए है।
सीओ यातायात ने सोशल मीडिया के नकारात्मक पक्ष को भी रेखांकित किया। उन्होंने छात्रों को समाज हित में पुलिस स्टूडेंट कैडेट (पीएससी) बनाने की बात कही। इस पर प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार सिंह ने हर कक्षा से दो बच्चे को पुलिस स्टूडेंट कैडेट बनाने पर हामी भरी। पुलिस की पाठशाला में सीओ यातायात ने छात्रों से फेसबुक, व्हाट्सऐप सहित दूसरी सोशल साइट्स पर अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही बढ़ते साइबर क्राइम के प्रति आगाह किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि वह अपने घर मेें अभिभावकों, पड़ोसियों को यात्रा के दौरान कार की सीट बेल्ट बांधने और बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य लगाने को कहें।
बचपन से डालें यातायात के नियमों के पालन की सीख
सीओ यातायात ने छात्रों से यातायात के नियमों का बढ़ चढ़कर पालन करने को कहा। कहा कि यदि कोई नियम तोड़ता है तो पहले उसे समझाएं, नहीं मानने की स्थिति में शिकायत पुलिस को 100 नंबर डायल करके दें। समाज में कहीं भी कुछ गलत दिखाई पड़ता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का सहयोग भी कानून का अनुपालन करना है। उन्होंने यह बताया कि पुलिस का काम हर नागरिक कर सकता है। जीआईसी प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार सिंह ने सीओ यातायात की पुलिस स्टूडेंट कैडेट स्कीम की सराहना की। उपप्रधानाचार्य अब्दुल कादिर भी मौजूद रहे, संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।
नियमों के पालन की सीख
0 राह चलते यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई पड़ता है तो तत्काल इसकी जानकारी 100 नंबर पर दें।
0 राह चलते सड़क पर वाहन का हार्न बजाने से बचें
0 नशीले पदार्थ के सेवन करने वालों से दूर रहें, इसकी जानकारी पुलिस को दें
0 ट्रैफिक नियमों का पालन करें, इससे व्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी।