अतीक अहमद के करीबी बताए जा रहे जय प्रकाश दुबे उर्फ जेपी दुबे के खिलाफ पुलिस ने अब संपत्ति की पूरी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क किए जाने के बाद पुलिस की नजर अब उसकी उन संपत्तियों पर है, जिनका अभी सत्यापन किया जा रहा है। इनमें जौनपुर स्थित विद्यालय, प्रयागराज के पीपलगांव का मकान, कादिलपुर की जमीन और लग्जरी कार शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि मूलरूप से जौनपुर के पवारा थाना क्षेत्र के सोंगरा मनी पट्टी गांव निवासी जेपी दुबे ने अपराध के जरिये बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की। इसी को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ाते हुए अलग-अलग विभागों से उसकी चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा मांगा गया है।