इलाहाबाद। सराफा कारोबारी पंकज महेंद्र के अपहरण और दस करोड़ की फिरौती मांगने वाले गिरोह के एक सदस्य विनीत सिंह परिहार को भी क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पंकज महेंद्र को फतेहपुर के असोथर में विनीत के ही फार्महाऊस में रखा गया था। उसका सगा भाई दरोगा है। पुलिस ने गिरफ्तारी के साथ ही गिरोह पर कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गिरोहबंदी अधिनियम का मुकदमा लिखकर गिरोह के सदस्यों की आपराधिक तरीके से अर्जित की गई संपत्ति भी जब्त करने की तैयारी की जा रही है। इस घटना में सभी बदमाशों की हिस्ट्रीशीट भी खोलने का फैसला हुआ है।
कारोबारी के अपहरण में बरेली जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन ओमप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ बबलू का हाथ रहा। उसने अपने भांजे यहां अशोक नगर कॉलोनी में रहने वाले विकल्प श्रीवास्तव उर्फ गोलू को मोहरा बनाकर वारदात करा दी। इसमें इलाहाबाद और गोरखपुर के अपराधियों को शामिल कराकर रेकी कराने के बाद पंकज महेंद्र को शनिवार रात चौक स्थित शोरूम से कैंट में ऑकलैंड रोड स्थित निवास लौटते समय अगवा किया गया।
तीसरे रोज फतेहपुर पुलिस ने असोथर में यमुना कटरी स्थित फार्महाऊस में घुसकर पंकज को बरामद कर डॉन बबलू के भांजे विकल्प समेत चार बदमाश दबोच लिए। बाकी बदमाश भाग निकले थे। इलाहाबाद क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर शहर में जीरो रोड बस अड्डे के पास विनीत सिंह परिहार को पकड़ लिया। म्योराबाद इलाके का विनीत ही फतेहपुर के उस फार्महाऊस का मालिक है जिसमें कारोबारी को बंधक बनाकर रखा गया था।
एसपी सिटी राजेश यादव ने बताया कि विनीत ने वर्ष 2012 में 46 बीघा का वह फार्महाऊस बनाया है। वह मूल रूप से जौनपुर का रहने वाला है। यहां म्योराबाद में रहकर वह ठेकेदारी समेत दूसरे धंधे करता है। विकल्प से उसकी कई साल से दोस्ती है। इसी वजह से उसने अपहृत पंकज को छिपाकर रखने के लिए अपना फार्महाऊस दे दिया। पुलिस का कहना है कि उसे भी फिरौती की रकम में हिस्सा मिलना था। एसपी सिटी के अनुसार, अपहरणकांड के सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसमें डॉन बबलू तो पहले से ही जेल में बंद है। बाकी 11 आरोपियों की संपत्तियों का पता लगाकर उन्हें कुर्क किया जाएगा। उनकी हिस्ट्रीशीट खोलकर लगातार निगरानी की जाएगी। फार्महाऊस मालिक विनीत की संपत्तियों की जांच की जा रही है कि आखिर उसने इतना सब कैसे हासिल किया। एसपी सिटी ने यह भी साफ किया कि कारोबारी को पुलिस ने मुक्त कराया है। एक पैसा फिरौती नहीं दी गई। पुलिस ने डॉन के भांजे बबलू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिरौती की बात गलत है।
प्रमुख सराफा व्यवसायी पंकज महेंद्र के अपहरण की तफ्तीश कोतवाली से की जा रही है। पंकज की बरामदगी और बदमाशों की गिरफ्तारी भले ही फतेहपुर पुलिस ने की मगर छह अगस्त को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। एसपी सिटी राजेश यादव के मुताबिक, पंकज महेंद्र चौक स्थित अपनी दुकान से रवाना होने के बाद गायब हुए इसलिए घटनास्थल तो कोतवाली क्षेत्र ही है। भले ही बाद में पता चला कि उन्हें हाईकोर्ट के आगे पोलो ग्राउंड से उठाया गया मगर बदमाश तो शोरूम से ही पीछे लग गए थे। ऐसे में घटना की शुरुआत चौक इलाके से हुई।