pokland machine will demolish vidhayak vijay mishra's complex
प्रयागराज। ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्रा के अल्लापुर स्थित पांच मंजिला व्यावसायिक कांप्लेक्स और आलीशान मकान को तोड़ने के लिए पीडीए अफसरों ने पोकलैंड मशीन मंगाई है। ध्वस्तीकरण में छह जेसीबी भी लगाई जाएंगी, जिसमें तीन अतिरिक्त रहेंगी। हाईकोर्ट से विजय मिश्रा की अपील खारिज होने के बाद कमिश्नर कोर्ट में की गई अपील पर भी कोई राहत नहीं मिली है। सूत्रों के मुताबिक फाइल पर हस्ताक्षर हो गए हैं, लेकिन अफसर इस मामले में पूरी गोपनीयता बरत रहे हैं।
मंगलवार को कमिश्नर कोर्ट में विजय मिश्रा की अपील पर सुनवाई हुई। मामले में यहां भी राहत नहीं मिली है, लेकिन फैसला सुरक्षित बताया गया। इस संबंध में बुधवार सुबह आदेश जारी होने के बाद कार्रवाई की पूरी तैयारी है। प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने भी इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। ध्वस्तीकरण के दौरान इलाका सील किया जाएगा।
उधर, पीडीए ने विधायक विजय मिश्रा की भूमि संबंधी अभिलेख खंगाले। अभी तक की पड़ताल में सामने आया है कि कांप्लेक्स और मकान निर्माण में कब्जे की भी भूमि शामिल है। करीब 400 वर्गगज क्षेत्रफल में निर्मित विधायक आवास और कांप्लेक्स में पांच मंजिल तक निर्माण तो कराया गया लेकिन मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया। सेटबैक सहित अन्य नियमों का भी पालन नहीं किया गया। पीडीए की ओर से आवंटित भूमि पर कब्जे की भी शिकायत है। करीब एक महीने पहले जारी नोटिस के बाद कांप्लेक्स के किराएदारों ने दुकानें खाली कर दी हैं। बीस दिन से खाली कांप्लेक्स को ध्वस्त करने की तैयारी में कई बाधाएं आईं।
सूत्रों के मुताबिक कमिश्नर की ओर से अपील खारिज होने का आदेश आते ही बुधवार को कार्रवाई की जाएगी। ध्वस्तीकरण के बाद भूमि की मालियत और कब्जे के बारे में अलग से जांच की जाएगी। उधर पीडीए के अफसरों ने पांच मंजिला कांप्लेक्स को तोड़ने के लिए पोकलैंड मशीन मंगाई है। प्राधिकरण और नगर निगम की जेसीबी मशीनों का परीक्षण कराया गया ताकी कार्रवाई में बाधा न पड़े।